सिद्धिदात्री दुर्गा मंदिर में नौ दिवसीय आयोजन की शुरुआत, सैकड़ों श्रद्धालुओं की सहभागिता
लोहरदगा। हिन्दू नववर्ष विक्रम संवत 2083 एवं चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर लोहरदगा के वीर शिवाजी चौक स्थित सिद्धिदात्री दुर्गा मंदिर में भक्ति, उत्साह और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल के नेतृत्व में नौ दिवसीय ‘रामोत्सव’ का भव्य शिलान्यास किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत मंदिर के पुजारी द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक विधि-विधान के साथ की गई। इस दौरान भगवा ध्वज पूजन कर सनातन संस्कृति की अखंडता का संदेश दिया गया। वहीं भारत माता की आरती कर राष्ट्रभक्ति की भावना प्रकट की गई। सैकड़ों श्रद्धालुओं ने एक साथ हनुमान चालीसा का पाठ कर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि एवं नगर परिषद अध्यक्ष अनिल उरांव ने कहा कि भगवान श्रीराम और माँ दुर्गा का अवतार अधर्म के विनाश और धर्म की स्थापना के लिए हुआ। उन्होंने श्रीराम के जीवन से प्रेरणा लेने की अपील करते हुए कहा कि समाज में ऊंच-नीच का भेद मिटाकर सभी को समान सम्मान देना ही सच्ची श्रद्धा है। उन्होंने भगवा ध्वज को हमारी पहचान और गौरव का प्रतीक बताया।
कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी रही। प्रमुख रूप से भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष अजातशत्रु, विश्व हिंदू परिषद के अध्यक्ष रीतेश कुमार, केंद्रीय महावीर मंडल के अध्यक्ष विपुल तामेड़ा, भाजपा युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष बाल्मीकि कुमार, बजरंग दल के जिला संयोजक पवन कुमार प्रजापति सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इसके अलावा राजकुमार साहू, निशांत कुमार वर्मा, लाल ओंकार नाथ साहदेव, विजय खत्री समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने आयोजन को भव्य रूप प्रदान किया। नौ दिनों तक चलने वाले इस ‘रामोत्सव’ में विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।



















Total Users : 855035
Total views : 2573623