चतरा। चतरा सदर थाना क्षेत्र के जवाहर नवोदय विद्यालय के समीप चिरैतवा इलाके में शुक्रवार शाम अपराधियों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना शाम करीब 7 बजे की बताई जा रही है।सूत्रों के अनुसार युवक बाइक से चतरा से सिमरिया की ओर जा रहा था, तभी पीछा कर रहे अपराधियों ने सुनसान स्थान पर उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोली लगने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई। गोलियों की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा।
घटना की सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संदीप सुमन तथा सदर थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मृतक की पहचान हजारीबाग जिले के केरेडारी थाना क्षेत्र के सलगा गांव निवासी विकास साव उर्फ करमजीत कुमार (24 वर्ष), पिता खुशियाल साव के रूप में हुई है।
मृतक के मामा ने बताया कि विकास साव का अपने पड़ोस की एक नाबालिग लड़की से प्रेम संबंध था, जिससे लड़की के परिजन नाराज थे। परिजनों ने कई बार उसे लड़की से दूर रहने की चेतावनी भी दी थी और एक-दो बार मारपीट भी की गई थी। बताया गया कि दोनों कोर्ट मैरेज करना चाहते थे, लेकिन लड़की के बालिग होने में अभी कुछ दिन बाकी थे। इसी सिलसिले में विकास साव चतरा कोर्ट आया हुआ था और वापस घर लौट रहा था।
मृतक के परिजनों का आरोप है कि इसी विवाद को लेकर लड़की पक्ष के लोगों ने उसकी गोली मारकर हत्या कर दी। हालांकि इस आरोप की आधिकारिक पुष्टि पुलिस द्वारा नहीं की गई है और मामले की जांच जारी है। घटना की सूचना मिलने के बाद शहर के नवनिर्वाचित नगर परिषद चेयरमैन अताउर रहमान उर्फ बाबू भाई भी सदर अस्पताल पहुंचे और मृतक के परिजनों से मिलकर उन्हें सांत्वना दी तथा हर संभव मदद का आश्वासन दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।




















Total Users : 844029
Total views : 2558350