चतरा। नगर निकाय आम चुनाव 2026 के दौरान नामांकन प्रक्रिया को लेकर नया विवाद सामने आया है। एक प्रत्याशी ने दूसरे प्रत्याशी पर अपूर्ण एवं भ्रामक जानकारी देने का आरोप लगाते हुए जिला प्रशासन से जांच की मांग की है। सोमवार को समाहरणालय स्थित उपायुक्त कार्यालय में पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त को लिखित ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष रामदेव सिंह भोक्ता कर रहे थे। उनके साथ कपिल पासवान, अमन कुमार, गुडू सोनी सहित अन्य लोग मौजूद थे। नगरपालिका आम निर्वाचनदृ2026 के तहत प्रत्याशी अमन कुमार ने आरोप लगाया है कि दूसरे प्रत्याशी अताउर रहमान ने नामांकन के दौरान झारखंड गजट संख्या 833 (दिनांक 30 अक्टूबर 2017) तथा नगरपालिका निर्वाचन नियमावली 2026 के परिशिष्ट 1 (अध्याय 1, कंडिका 2) में निर्धारित प्रावधानों का पालन नहीं किया। आवेदन में कहा गया है कि नामांकन पत्र एवं शपथ पत्र (एफिडेविट) में कई आवश्यक तथ्यों को छिपाया गया है या अधूरी जानकारी दी गई है। अमन कुमार का कहना है कि इस संबंध में 26 फरवरी 2026 को भी जिला प्रशासन को अवगत कराया गया था, किंतु अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। इसलिए दस्तावेजों के साथ पुनः आपत्ति दर्ज कराई गई है। प्रत्याशी ने मांग की है कि निर्वाचन आयोग के नियमों के अनुरूप मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा आरोप सत्य पाए जाने पर संबंधित प्रत्याशी का नामांकन निरस्त किया जाए। घटनाक्रम के बाद जिले की राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। विभिन्न दलों और समर्थकों की नजरें अब जिला निर्वाचन पदाधिकारी के निर्णय पर टिकी हुई हैं। फिलहाल प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
नगर निकाय चुनाव 2026ः नामांकन को लेकर विवाद, जांच की मांग

On: March 2, 2026 9:15 PM

---Advertisement---
WhatsApp Group Join Now

















Total Users : 828238
Total views : 2536645