चतरा। होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से समाहरणालय सभाकक्ष में उपायुक्त कीर्तिश्री जी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न प्रखंडों से आए जनप्रतिनिधि, शांति समिति के सदस्य एवं संबंधित विभागीय अधिकारी शामिल हुए। उपायुक्त ने जिलेवासियों से आपसी प्रेम, भाईचारा और सामाजिक सौहार्द के साथ होली मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पूर्व वर्षों की तरह इस बार भी सभी के सहयोग से पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होगा। उन्होंने विद्युत आपूर्ति, साफ-सफाई, स्वास्थ्य सेवाएं एवं पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही उत्पाद विभाग को अवैध शराब कारोबारियों के विरुद्ध अन्य विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर सघन छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सिमरिया शुभम कुमार खंडेलवाल ने किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को देने की अपील की। उन्होंने सोशल मीडिया पर भड़काऊ व आपत्तिजनक पोस्ट से बचने की चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसे मामलों पर प्रशासन की पैनी नजर रहेगी। सभी थाना प्रभारियों को नियमित पेट्रोलिंग एवं असामाजिक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। बैठक में अनुमंडल, प्रखंड, पंचायत एवं ग्राम स्तर पर आयोजित शांति समिति बैठकों की समीक्षा भी की गई। अंत में उपायुक्त ने जिला प्रशासन की ओर से सभी जिलेवासियों को होली की शुभकामनाएं दीं। बैठक में डीआरडीए निदेशक अलका कुमारी, अनुमंडल पदाधिकारी चतरा जहूर आलम, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चतरा, सिमरिया एवं टंडवा, नगर परिषद की कार्यपालक पदाधिकारी विनीता कुमारी, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता सहित सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी एवं थाना प्रभारी उपस्थित थे।
होली को लेकर जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक, प्रशासन अलर्ट

On: March 2, 2026 9:04 PM

---Advertisement---
WhatsApp Group Join Now


















Total Users : 828276
Total views : 2536697