इटखोरी (चतरा)। जिले की प्रसिद्ध धार्मिक तीर्थस्थली माता भद्रकाली मंदिर में 20 फरवरी से चल रहे नौ दिवसीय श्री अष्ट लक्ष्मी महायज्ञ के छठे दिन बुधवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भव्य यज्ञशाला की परिक्रमा करने के लिए दूर-दराज से पहुंचे भक्तों ने पूरे श्रद्धा और आस्था के साथ अनुष्ठान में भाग लिया। श्रद्धालु फलाहार एवं अल्पाहार रखकर 8 से 12 घंटे तक लगातार मां भद्रकाली और यज्ञ भगवान की आराधना करते हुए यज्ञशाला की परिक्रमा करते रहे। पूरे मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार और भक्ति गीतों की मधुर ध्वनि से आध्यात्मिक वातावरण बना रहा। महायज्ञ में आचार्य के रूप में बनारस से पधारे चंद्रमणि चक्रपाणि जी महाराज एवं उनके सहयोगी पुरोहितों द्वारा सुबह-शाम ध्वनि यंत्र पर वैदिक मंत्रों का उच्चारण किया जा रहा है। यज्ञशाला को आकर्षक रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया है, जिससे मंदिर परिसर की भव्यता और बढ़ गई है। महायज्ञ का समापन 28 फरवरी को हवन-पूजन एवं भव्य भंडारे के साथ होगा। इस अवसर पर होली मिलन एवं सम्मान समारोह का भी आयोजन किया जाएगा। यज्ञ को सफल बनाने में यज्ञ समिति के अध्यक्ष शिवसेवक प्रसाद सिंह, हरिश्चंद्र सिंह, श्याम प्रसाद सिंह, लक्ष्मी सिंह, सीताराम सिंह, सियाराम सिंह, डोमन राणा और सीताराम दांगी समेत अखंड संकीर्तन समिति के सदस्य सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। महायज्ञ को लेकर इटखोरी क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है और श्रद्धालुओं का तांता लगातार जारी है।
---Advertisement---




















Total Users : 820190
Total views : 2526131