
एक छोटा सा मुद्दा… और पूरा गांव तनाव में। पेड़ पर लाउडस्पीकर लगाने को लेकर शुरू हुई कहासुनी अचानक धक्का-मुक्की तक पहुंच गई। हालांकि समय रहते प्रशासन ने मोर्चा संभाला और बातचीत के जरिए ऐसा समाधान निकला, जिसने संभावित बड़े विवाद को टाल दिया।
देवघर। जिले के पालोजोरी थाना क्षेत्र अंतर्गत बांधडीह पंचायत के लखीबाद गांव में शुक्रवार को पेड़ पर लाउडस्पीकर लगाने को लेकर दो गुटों के बीच तीखी नोकझोंक और हल्की धक्का-मुक्की की घटना सामने आई। घटना के बाद गांव का माहौल कुछ समय के लिए तनावपूर्ण हो गया।
धक्का-मुक्की के दौरान गांव की महिला तारा देवी को हल्की चोट आई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सालो हेंब्रम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। वरीय अधिकारियों को भी सूचित किया गया, जिसके बाद एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ सारठ रंजीत लकड़ा और सारठ थाना प्रभारी दीपक कुमार साह अतिरिक्त पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे।
एसडीपीओ ने दोनों पक्षों की बातें सुनकर आपसी वार्ता कराई, जिसके बाद स्थिति शांत हुई। बांधडीह पंचायत की मुखिया मिरुदी मुर्मू की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में बसबुटिया के मुखिया प्रतिनिधि सद्दाम अंसारी, थाना प्रभारी सहित गांव के गणमान्य लोग उपस्थित रहे। बैठक के दौरान सर्वसम्मति से सुलहनामा तैयार किया गया, जिसमें दोनों पक्षों ने भाईचारे के साथ रहने, एक-दूसरे के पर्व-त्योहार का सम्मान करने और किसी भी नई गतिविधि—जैसे अतिरिक्त लाउडस्पीकर लगाने—से परहेज करने पर सहमति जताई। एहतियात के तौर पर गांव में दो दर्जन से अधिक पुलिस जवानों की तैनाती की गई है। प्रशासन ने लोगों से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की है।
पेड़ पर लाउडस्पीकर लगाने को लेकर दो पक्षों में नोकझोंक
मामूली धक्का-मुक्की, एक महिला को हल्की चोट
एसडीपीओ सारठ की अगुवाई में पुलिस बल तैनात
शांति समिति की बैठक में आपसी समझौता
एहतियातन गांव में पुलिस कैंप






















Total Users : 813578
Total views : 2517057