
गुमला। गुमला पहुंचे पूर्व आईपीएस अधिकारी सह भाजपा नेता डॉ. अरुण उरांव ने भाजपा समर्थित उम्मीदवार शकुंतला उरांव के चुनावी कार्यालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में नगर निकाय चुनाव 2026 को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि झारखंड में लंबे समय से रुके नगर निकाय चुनाव कराने का राज्य सरकार का कोई इरादा नहीं था, लेकिन न्यायालय के संज्ञान लेने के बाद पूरे राज्य में चुनाव का मार्ग प्रशस्त हुआ है। उन्होंने दावा किया कि झारखंड के सभी जिलों में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों को जीत मिलेगी।
डॉ. उरांव ने कहा कि इस बार नगर निकाय चुनाव ईवीएम की बजाय बैलेट पेपर से कराए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार को पराजय का भय है। हालांकि उन्होंने कहा कि चाहे ईवीएम हो या बैलेट पेपर, भाजपा समर्थित प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित है। उन्होंने गुमला नगर परिषद क्षेत्र से अध्यक्ष पद की भाजपा समर्थित उम्मीदवार शकुंतला उरांव के पक्ष में कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर जनसमर्थन जुटाने की अपील की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में भाजपा के पक्ष में सकारात्मक माहौल है और शकुंतला उरांव भारी बहुमत से जीत दर्ज करेंगी।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष सागर उरांव ने मुख्य अतिथि डॉ. अरुण उरांव, पूर्व सांसद सुदर्शन भगत, पूर्व विधायक शिव शंकर उरांव, वरिष्ठ नेता निर्मल गोयल एवं गंगोत्री देवी का भगवा वस्त्र ओढ़ाकर स्वागत किया। कार्यक्रम में पार्टी कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही और चुनाव को लेकर उत्साह का माहौल देखा गया।





















Total Users : 812076
Total views : 2514991