
हंटरगंज (चतरा)। हंटरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ड्यूटी पर तैनात दो नर्सों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए एक नवजात शिशु की मौत का मामला सामने आया है। इस संबंध में प्रसूता महिला की मां ने उपायुक्त को लिखित शिकायत सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। नवाडीह गांव निवासी आसमा खातून ने उपायुक्त तथा प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को दिए आवेदन में बताया कि प्रसव पीड़ा होने पर वह अपनी बेटी गुलअफशा प्रवीण को हंटरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराई थीं। उनका आरोप है कि उस समय ड्यूटी पर तैनात जीएनएम पूनम कुमारी और एएनएम सुचिता कुमारी ने दवा के नाम पर पैसे की मांग की। आरोप के अनुसार, पैसे देने में असमर्थता जताने पर दोनों नर्सों ने इलाज करने से इनकार कर दिया। काफी विनती के बाद उन्होंने इस शर्त पर इलाज शुरू करने की बात कही कि घर से पैसा लाकर दिया जाए। इसके बाद आसमा खातून पैसे की व्यवस्था करने घर चली गईं। वापस लौटने पर उन्होंने देखा कि प्रसव हो चुका है और नवजात को ऑक्सीजन लगाई गई है। नर्सों ने बच्चे की स्थिति गंभीर बताते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। परिजन नवजात को इलाज के लिए शेरघाटी ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आसमा खातून ने नवजात की मौत के लिए नर्सों की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए दोनों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. वेद प्रकाश ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। दोषी पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।























Total Users : 807236
Total views : 2508462