
गुमला प्रखंड के तेलगांव कोनाटोली स्थित मसूरी बेड़ाधाम में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर रविवार को भव्य मेला सह सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। धार्मिक आस्था और पारंपरिक संस्कृति के संगम बने इस आयोजन में दूर-दराज के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।
कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू एवं भाजपा के राष्ट्रीय संयोजक आनंद साहू ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर अतिथियों ने उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज को एकजुट करने का माध्यम हैं। उन्होंने ग्रामीणों से अपनी पारंपरिक संस्कृति और आस्था को संजोकर रखने की अपील की।
आयोजन समिति के मुख्य संरक्षक दीपांकर साहू की पहल पर पिछले पांच वर्षों से यहां महाशिवरात्रि के अवसर पर मेला आयोजित किया जा रहा है। मसूरी बेड़ाधाम की विशेषता यहां स्थित प्राचीन गुफा और उसके समीप स्थापित शिवलिंग है, जहां श्रद्धालु विशेष पूजा-अर्चना करने पहुंचते हैं। समिति द्वारा इस स्थल को भव्य मंदिर का रूप देने की योजना पर कार्य किया जा रहा है। पूर्व राज्यसभा सांसद ने मंदिर निर्माण की दिशा में ठोस पहल करने और हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
मेले में दिनभर पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति होती रही। स्थानीय कलाकारों ने पारंपरिक नृत्य और गीत प्रस्तुत कर लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से मिसीर कुजूर, दिलीप नाथ साहू, गोपीनाथ सिंह सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
महाशिवरात्रि के इस आयोजन ने क्षेत्र में धार्मिक उत्साह और सामाजिक एकता का संदेश दिया।






















Total Users : 807230
Total views : 2508450