भंडरा । भंडरा प्रखंड अंतर्गत ग्राम मसमानो में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल बच्ची की पहचान उम्मी एमन (उम्र 2 वर्ष), पिता सरवर अंसारी, ग्राम मसमानो के रूप में हुई है। घटना मसमानो स्कूल मुस्लिम बस्ती के पास उस समय घटी, जब संत पॉल पब्लिक स्कूल भंडरा की स्कूल वैन स्कूली बच्चों को छोड़ने के लिए जा रही थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कूल की यिक्को वैन ने बच्ची को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। बताया गया कि वाहन को जेयाउल अंसारी चला रहा था। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। विद्यालय के हेडमास्टर का नाम मेराज अंसारी बताया गया है। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने मानवीय संवेदना दिखाते हुए आनन-फानन में घायल बच्ची को इलाज के लिए लोहरदगा सदर अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बच्ची की हालत नाजुक बताते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया। बच्ची के सिर और शरीर में गंभीर चोटें होने की बात कही जा रही है। इस घटना के बाद बच्ची के परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। परिजनों ने स्कूल की परिवहन व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हुए लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि रिहायशी इलाके में स्कूल वाहनों की तेज रफ्तार और पर्याप्त निगरानी के अभाव के कारण यह हादसा हुआ। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि स्कूल वाहनों की नियमित जांच की जाए, चालकों की योग्यता सुनिश्चित की जाए तथा आवासीय क्षेत्रों में वाहनों की गति पर सख्ती से नियंत्रण लगाया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से मासूम बच्चों की जान खतरे में न पड़े।




















Total Users : 797791
Total views : 2495646