चतरा। दिल्ली विश्वविद्यालय के इतिहास के जाने-माने प्रोफेसर डॉ. अमित कुमार सुमन द्वारा 07 फरवरी को मॉडल कॉलेज, चतरा में ऑनलाइन कक्षा का आयोजन किया गया। इस कक्षा में महाविद्यालय के सभी शिक्षक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। ऑनलाइन कक्षा की शुरुआत विनोबा भावे विश्वविद्यालय, हजारीबाग के माननीय कुलपति प्रो. डॉ. चन्द्रभूषण शर्मा के प्रेरक संबोधन से हुई। कुलपति महोदय ने डॉ. अमित कुमार सुमन का परिचय एवं स्वागत करते हुए कहा कि वे देश-विदेश में व्याख्यान देने के बावजूद चतरा जैसे अपेक्षाकृत पिछड़े जिले के मॉडल कॉलेज में समय निकालकर कक्षा लेने के लिए सहमत हुए, इसके लिए वे हार्दिक धन्यवाद के पात्र हैं। साथ ही उन्होंने महाविद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-कर्मियों एवं छात्र-छात्राओं को इस सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएँ दीं। डॉ. सुमन ने स्मार्ट बोर्ड के माध्यम से झारखंड एवं चतरा के इतिहास से प्रारंभ करते हुए इतिहास से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण बिंदुओं को सरल एवं रोचक ढंग से समझाया। व्याख्यान के दौरान उन्होंने प्रश्नोत्तरी सत्र भी आयोजित किया, जिसमें ज्योति कुमारी, आशिया प्रवीण, प्रभात कुमार, गोविन्द तुरी सहित कई छात्र-छात्राओं के प्रश्नों का सहजता से समाधान किया। अंत में उन्होंने छात्रों की कैरियर संबंधी जिज्ञासाओं का भी मार्गदर्शन किया। समापन अवसर पर प्रभारी प्राचार्य डॉ. मनीष दयाल ने डॉ. सुमन, कुलपति तथा सभी छात्र-छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि चतरा जैसे क्षेत्र में, जहाँ शिक्षकों का अभाव है, वहाँ इस प्रकार की शैक्षणिक पहल माननीय कुलपति के कुशल मार्गदर्शन का परिणाम है। आगे इस ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से देश-विदेश के विभिन्न विश्वविद्यालयों के विषय-विशेषज्ञों द्वारा अन्य विषयों की कक्षाएँ एवं व्याख्यान आयोजित किए जाएंगे, जिससे अधिक से अधिक छात्र-छात्राएँ लाभान्वित हो सकें। कार्यक्रम के सफल संचालन में तकनीकी सहायक के रूप में प्रवीर कुमार सिंह एवं शशि मित्तल ने अहम भूमिका निभाई, जबकि अंकज सिन्हा, बजरंग कुमार सहित अन्य महाविद्यालय कर्मियों का भी सराहनीय योगदान रहा।
मॉडल कॉलेज में दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रोफेसर की ऑनलाइन इतिहास कक्षा, छात्रों में दिखा उत्साह

On: February 7, 2026 11:50 PM

---Advertisement---
WhatsApp Group Join Now



















Total Users : 797782
Total views : 2495636