चतरा। जिले में सड़क दुर्घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला सदर थाना क्षेत्र के धमनियां मोड़ के पास का है, जहां एक दर्दनाक सड़क हादसे में चतरा सांसद कालीचरण सिंह के चचेरे भाई प्रह्लाद सिंह (70) की मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार प्रह्लाद सिंह सड़क किनारे खड़े थे, तभी एक गैस लदे वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उनकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों की सूचना पर सदर थाना, चतरा की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, चतरा भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना की जानकारी मिलते ही सांसद कालीचरण सिंह भी सदर अस्पताल पहुंचे और परिजनों से मिलकर घटना की जानकारी ली। इस हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों ने धमनियां मोड़ को दुर्घटना संभावित क्षेत्र बताते हुए यहां यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने और सुरक्षा उपायों को मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।



















Total Users : 797791
Total views : 2495646