चतरा। विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल की चतरा जिला स्तरीय महत्वपूर्ण बैठक आज पत्थलदास मंदिर प्रांगण में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष भुवनेश्वर साहू ने की, जबकि संचालन जिला मंत्री सुधीर कुमार ने किया। बैठक का मुख्य उद्देश्य धर्म रक्षा निधि समर्पण अभियान को लेकर कार्ययोजना तैयार करना तथा पूरे जिले में संगठन विस्तार पर गहन चर्चा करना रहा।
बैठक में जिला टोली एवं प्रखंड स्तर के कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक मजबूती, कार्य प्रणाली और आगामी कार्यक्रमों पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ। जिला अध्यक्ष भुवनेश्वर साहू ने संगठन के मान-बिंदुओं, कार्यकर्ताओं की भूमिका और सेवा, संस्कार व समर्पण के भाव को रेखांकित करते हुए प्रत्येक प्रखंड में पालक नियुक्त करने और शीघ्र प्रखंड स्तरीय बैठकें सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि संगठन की जड़ें गांव-गांव तक मजबूत हों।
जिला मंत्री सुधीर कुमार ने धर्म रक्षा निधि समर्पण अभियान को सफल बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं से समर्पित भाव से सहयोग का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह अभियान समाज में धार्मिक व सांस्कृतिक चेतना को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
बैठक के दौरान संगठन विस्तार की दृष्टि से विभाग मंत्री अनूप यादव से टेलीफोनिक परामर्श के बाद कई दायित्वों की घोषणा की गई। इनमें नगर मंत्री के रूप में श्वेतांग उपाध्याय, नगर सह संयोजक के रूप में सुभाष कुमार, ग्रामीण अध्यक्ष के रूप में मुकेश कुमार तथा टंडवा बजरंग दल गौरक्षा प्रमुख के रूप में श्रवण कुमार की नियुक्ति शामिल है। घोषणाओं पर उपस्थित कार्यकर्ताओं ने ॐ ध्वनि के साथ सहमति व्यक्त की।
बैठक में प्रमुख रूप से जिला अध्यक्ष भुवनेश्वर साहू, जिला मंत्री सुधीर कुमार, सह मंत्री संतोष कुमार, जिला उपाध्यक्ष तारकेश्वर गुप्ता, बजरंग दल के जिला संयोजक अंकित पांडे, जिला विद्यार्थी प्रमुख राजा कुमार, जिला सह संयोजक ठाकुर राकेश रंजन, जिला अर्चक पुरोहित प्रमुख मनोज पांडे, जिला समरसता प्रमुख रिंकू कुमार, टंडवा अध्यक्ष सोनू भुइयां, ग्रामीण अध्यक्ष मुकेश कुमार, प्रखंड प्रचार प्रमुख अजय मौर्य, बचरा अध्यक्ष सुनील साव सहित विभिन्न प्रखंडों से आए कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक का समापन संगठन की मजबूती, धर्म और संस्कृति की रक्षा के संकल्प के साथ किया गया। उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने का संकल्प लिया।


















Total Users : 829338
Total views : 2538086