117 दोपहिया और 182 चारपहिया वाहनों की सघन जांच
चतरा। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर 21 नवंबर की रात्रि जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में व्यापक एंटी-क्राइम चेकिंग अभियान चलाया गया। इसका उद्देश्य अपराधियों में भय पैदा करना और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना को सुदृढ़ करना था। अचानक बढ़ी पुलिस सक्रियता से असामाजिक तत्वों में साफ तौर पर दहशत देखी गई, जबकि आम लोगों ने इस पहल की सराहना की।
अभियान के दौरान पुलिस ने 117 दोपहिया और 182 चारपहिया वाहनों की सघन जांच की। शहर के मुख्य मार्गों, भीड़-भाड़ वाले स्थानों और प्रमुख चौक-चौराहों पर नाकेबंदी कर प्रवेश और निकास बिंदुओं पर विशेष निगरानी रखी गई। बिना कागजात वाले तथा संदिग्ध परिस्थितियों में पाए गए वाहनों और व्यक्तियों की जांच की गई तथा अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए सख्ती अपनाई गई।
इस कार्रवाई से शहरवासियों में सुरक्षा का भरोसा और मजबूत हुआ है, वहीं अपराधियों की गतिविधियों पर स्पष्ट तौर पर अंकुश लगा है। बताया गया कि जिले में एंटी-क्राइम अभियान आगे भी लगातार चलाया जाएगा, ताकि कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।








