सिमरिया (चतरा)। राष्ट्रभक्ति के जोश और गौरव से ओत-प्रोत माहौल में शुक्रवार को सिमरिया स्थित सुभाष पार्क में राष्ट्रगीत वंदे मातरम की रचना के 150 वर्ष पूर्ण होने पर एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन प्रखंड प्रशासन द्वारा किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में विद्यार्थी, शिक्षक, समाजसेवी और स्थानीय नागरिक शामिल हुए। समारोह की शुरुआत स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण और महर्षि बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद अतिथियों ने वंदे मातरम के ऐतिहासिक महत्व और राष्ट्रभक्ति को प्रोत्साहित करने में इसकी भूमिका पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में स्कूली बच्चों द्वारा राष्ट्रगीत वंदे मातरम का सामूहिक गायन किया गया, जिससे पूरा परिसर देशभक्ति की भावना से गूंज उठा। मुख्य अतिथि बीडीओ चंद्र देव प्रसाद ने अपने संबोधन में कहा कि “वंदे मातरम केवल गीत नहीं, बल्कि राष्ट्रभावना का प्रतीक है, जिसने स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा दी। वहीं सिमरिया प्रेस क्लब अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार शिवकुमार सिंह ने युवाओं से देशहित में योगदान देने और राष्ट्रगीत से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। सीओ गौरव कुमार राय ने कहा कि “इस गीत से सुप्त भारतवर्ष जाग उठा था। थाना प्रभारी सूर्य प्रताप सिंह ने जानकारी दी कि वंदे मातरम की रचना वर्ष 1875 में हुई थी, जिसने स्वतंत्रता संग्राम के दौरान जन-जन में देशप्रेम की लौ प्रज्वलित रखी। मौके पर बुनियादी विद्यालय के प्रधानाचार्य सिद्धेश्वर सिंह, प्लस टू उच्च विद्यालय के प्रधानाचार्य मनोज रजक तथा शिक्षक डॉ. नितेश कुमार सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।
वंदे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने पर सिमरिया में भव्य कार्यक्रम आयोजित
WhatsApp Group
Join Now
Leave a comment








