ब्यूरो रिपोर्ट, News Scale Live
आगरा के सिकंदरा थाना क्षेत्र के शास्त्रीपुरम स्थित एक होटल में मंगलवार देर रात एक हादसा हुआ। होटल की पहली मंजिल से गिरने के कारण एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवती को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के अनुसार, युवती एक युवक के साथ होटल के कमरे में ठहरी थी। बताया जा रहा है कि किसी कारणवश वह पहली मंजिल से नीचे गिर गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल सूचना पुलिस को दी और घायल युवती को चादर से ढककर अस्पताल भेजा। घटना के बाद युवती के साथ मौजूद युवक मौके से फरार हो गया, जबकि होटल का स्टाफ भी वहां से चला गया।
सूचना के बाद एसीपी अक्षय संजय महाडिक और पुलिस टीम मौके पर पहुँची। पुलिस ने होटल मालिक को हिरासत में लिया है और होटल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। एसीपी महाडिक ने बताया कि युवती होटल के कमरा नंबर-4 में अपने परिचित युवक के साथ रुकी थी। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि युवती छत के किनारे बने डक्ट से होकर नीचे गिरी।
डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया कि युवती को घायल अवस्था में पश्चिमपुरी स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उन्होंने कहा कि युवती की हालत स्थिर होने पर उससे पूछताछ की जाएगी। इसके बाद ही हादसे के सही कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस ने होटल के रिकॉर्ड और रजिस्टर की भी जांच शुरू कर दी है। फिलहाल होटल मालिक से पूछताछ जारी है और फरार युवक की तलाश की जा रही है।



























Total Users : 793962
Total views : 2490575