हजारीबाग। हजारीबाग जिले के कटकमसांडी थाना क्षेत्र अंतर्गत आरा भूसाई के बहुल आदिवासी क्षेत्र स्थित आदिवासी टोला के जंगल से अवैध विदेशी शराब निर्माण में प्रयुक्त सामग्री बरामद की गई है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
पुलिस द्वारा जंगल से प्लास्टिक बोतल, ढक्कन, इंपोरियम ब्लू ब्रांड के स्टीकर (जिस पर “For Sale in Punjab Only” अंकित है) तथा विभिन्न ब्रांड की भरी हुई विदेशी शराब की बोतलें बरामद की गईं। छापामारी के दौरान अवैध विदेशी शराब के तस्कर पुलिस को देखते ही झाड़ियों का फायदा उठाकर फरार हो गए। हालांकि झारखंड ग्रामीण पुलिस (चौकीदार) द्वारा तस्करों की पहचान कर ली गई है।
इस संबंध में कटकमसांडी थाना कांड संख्या 21/26 के तहत भारतीय दंड संहिता की धारा 274/275/3(5) बीएनएस एवं 47(ए) उत्पाद अधिनियम, साथ ही कॉपीराइट एक्ट 1957 की धारा 63/65 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्रशासन ने बताया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। छापामारी दल में पुलिस निरीक्षक पेलावल अंचल शहीद रजा, कटकमसांडी थाना प्रभारी शिवम गुप्ता, सशस्त्र बल के राम स्वरूप दांगी एवं धनेश्वर रविदास शामिल थे।





















Total Users : 793386
Total views : 2489853