सिंघरावां ओवरब्रिज के पास पुलिस ने अर्टिगा कार को घेरकर दबोचा, तीन हथियार, नौ कारतूस और दो चाकू बरामद
चौपारण। गिरिडीह और बोकारो की नामी ज्वेलरी दुकानों को निशाना बनाकर लूट एवं डकैती की बड़ी वारदात को अंजाम देने की साजिश पर चौपारण पुलिस ने पानी फेर दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गिरोह के चार संदिग्ध अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से दो देसी पिस्टल, एक देसी कट्टा, नौ जिंदा कारतूस, दो चाकू, एक पेचकस और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। वहीं, वारदात में इस्तेमाल की जा रही सफेद रंग की अर्टिगा कार (बीआर 01एचए-8101) को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।
मामले का खुलासा करते हुए बरही एसडीपीओ राधा प्रेम किशोर एवं चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार ने बताया कि हजारीबाग पुलिस अधीक्षक अमन कुमार को गिरिडीह पुलिस से अहम सूचना मिली थी। सूचना के अनुसार, गिरिडीह और बोकारो की प्रतिष्ठित ज्वेलरी दुकानों में लूटपाट की योजना तैयार की जा रही थी। गिरोह के कुछ सदस्य हथियारों के साथ पकड़े गए थे, जबकि अन्य सदस्य सफेद अर्टिगा कार से चौपारण के रास्ते बिहार भागने की फिराक में थे।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसपी के निर्देश पर बरही एसडीपीओ के नेतृत्व में चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार एवं पुलिस बल की विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने तत्काल सिंघरावां ओवरब्रिज के समीप वाहन जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान संदिग्ध अर्टिगा कार को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन पुलिस को देखते ही चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ा दी। इसके बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पीछा किया और कार को रोककर उसमें सवार चारों युवकों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वैशाली जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र निवासी अभिनव राज (21) एवं मनीष कुमार (19), मुजफ्फरपुर जिले के मलाही निवासी राहुल कुमार (26) तथा उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले के महाराजगंज निवासी महफूज (28) के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने गिरिडीह और बोकारो में अपने सहयोगियों के साथ मिलकर ज्वेलरी दुकानों में लूट की योजना बनाने की बात स्वीकार की है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों, हथियारों के स्रोत और संभावित आपराधिक वारदातों से जुड़े पहलुओं की जांच में जुटी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पंकज कुमार, एसआई कृष्ण कुमार गुप्ता समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से संभावित बड़ी आपराधिक वारदात टल गई।

























Total Users : 1285014
Total views : 3161826