एमिटी यूनिवर्सिटी के बाहर मारपीट कर थार से ले जाने का आरोप, सूचना मिलते ही रांची पुलिस ने घेराबंदी कर शुरू किया सर्च अभियान; चतरा पुलिस के तकनीकी सहयोग से सौरभ तक पहुंची पुलिस
रांची। झारखंड की राजधानी रांची के विधानसभा थाना क्षेत्र स्थित एमिटी यूनिवर्सिटी के बाहर सोमवार शाम चतरा से लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के विधायक जनार्दन पासवान के छोटे पुत्र सौरभ के कथित अपहरण की सूचना से हड़कंप मच गया। घटना शाम करीब पांच बजे की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही रांची पुलिस तत्काल सक्रिय हुई और इलाके की घेराबंदी कर सर्च अभियान शुरू कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सौरभ एमिटी यूनिवर्सिटी में पढ़ाई कर रहा है। आरोप है कि कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट की और जबरन उसे एक थार वाहन से ले गए। इसके बाद आरोपी स्कॉर्पियो से वहां से निकल गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की।
राहत की बात यह रही कि रांची पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सौरभ को सकुशल बरामद कर लिया। विधायक जनार्दन पासवान ने भी अपने पुत्र की सकुशल बरामदगी की पुष्टि की है। बेटे की बरामदगी के बाद परिजनों और समर्थकों ने राहत की सांस ली।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। जांच के दौरान एमिटी यूनिवर्सिटी और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि सौरभ को किन परिस्थितियों में और किसके द्वारा अपने साथ ले जाया गया था।

विधायक जनार्दन पासवान ने बताया कि उनके बेटे के साथ मारपीट की गई और उसे जबरदस्ती गाड़ी में बैठाकर ले जाया गया था। हालांकि, घटना के पीछे वास्तविक कारण क्या है और इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसका खुलासा पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगा।
चतरा पुलिस ने दिया तकनीकी सहयोग
सौरभ की बरामदगी में रांची पुलिस के साथ चतरा पुलिस ने भी तकनीकी सहयोग किया। दोनों जिलों की पुलिस के समन्वित प्रयास के बाद पुलिस सौरभ तक पहुंचने में सफल रही। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना के पीछे के कारणों के साथ-साथ इसमें शामिल लोगों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है।





















Total Users : 1174247
Total views : 3004753