एनएच-522 और एनएच-22 घंटों जाम, मुआवजे के आश्वासन के बाद खुला रास्ता
सिमरिया (चतरा)। हजारीबाग मुख्य मार्ग एनएच-522 और बालूमाथ-चतरा मार्ग एनएच-22 रविवार की शाम खून से लाल हो उठे। सिमरिया थाना क्षेत्र के कसारी मोड़ और तेतर मोड़ के पास हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने दोनों मुख्य मार्गों को जाम कर दिया, जिससे घंटों तक वाहनों के पहिए थमे रहे। पहली घटना रविवार शाम की है। पुंडरा निवासी शिव कुमार गोस्वामी (पिता– संतोष गोस्वामी) घर से दूध लेने के लिए निकले थे। इसी दौरान तेतर मोड़, एनएच-522 के पास एक ट्रैक्टर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
Also Read: रफ्तार का कहर: कोयला लदे वाहन की चपेट में आने से 20 वर्षीय युवक की मौत, एक अन्य घायल!
वहीं दूसरी घटना एनएच-22 के कसारी मोड़ के पास हुई, जहां कुरुमडाड़ी लेदहा निवासी कमलेश उरांव ड्यूटी पर जा रहे थे। इसी दौरान एक अनियंत्रित टेलर ने उन्हें कुचल दिया, जिससे उनकी भी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही सिमरिया सीओ गौरव कुमार और थाना प्रभारी सूर्य प्रताप सिंह दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। झामुमो नेता मनोज कुमार चंद्रा और प्रशासनिक अधिकारियों ने उग्र ग्रामीणों को समझाने के लिए लंबी वार्ता की।
रविवार देर रात करीब 2 बजे वाहन मालिक द्वारा मृतक शिव कुमार के परिजनों को 35 हजार रुपये नकद और 2 लाख 65 हजार रुपये का चेक बतौर मुआवजा दिया गया, जिसके बाद वहां से जाम हटाया गया। वहीं एनएच-22 पर लगे जाम को सोमवार सुबह 11 बजे प्रशासन द्वारा आपदा राहत के तहत 10 हजार रुपये नकद, उचित मुआवजा और दोषियों पर कार्रवाई के आश्वासन के बाद समाप्त कराया गया। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। इन घटनाओं के बाद पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है। लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं ने क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों की लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।






















Total Users : 934689
Total views : 2685438