मरीजों को बेहतर सुविधा देने पर जोर, लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी
चतरा। जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त रवि आनंद ने शनिवार को सदर अस्पताल, चतरा का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी स्थिति का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण का उद्देश्य अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं, व्यवस्थाओं और सेवा की गुणवत्ता का मूल्यांकन कर आमजनों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना रहा। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अस्पताल परिसर के विभिन्न वार्डों, ओपीडी कक्षों, इमरजेंसी यूनिट, प्रसूति वार्ड, शिशु वार्ड, दवा भंडारण कक्ष सहित अन्य महत्वपूर्ण इकाइयों का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने चिकित्सकों एवं कर्मियों की उपस्थिति पंजी का अवलोकन करते हुए ड्यूटी रोस्टर के अनुपालन की भी जांच की और सभी को समय पर उपस्थित होकर अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने अस्पताल में उपलब्ध दवाओं की स्थिति, उनके रख-रखाव एवं वितरण व्यवस्था की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिया कि आवश्यक दवाओं की उपलब्धता हर हाल में सुनिश्चित की जाए, ताकि मरीजों को बाहर से दवा खरीदने की आवश्यकता न पड़े। उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों एवं परिजनों से संवाद कर उन्हें मिल रही सुविधाओं, उपचार की गुणवत्ता तथा किसी प्रकार की कठिनाई के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर की साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय, प्रतीक्षालय एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का भी जायजा लिया गया। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि अस्पताल परिसर में स्वच्छता एवं सुव्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए, ताकि मरीजों एवं उनके परिजनों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उपायुक्त ने अस्पताल प्रबंधन को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सभी चिकित्सक एवं कर्मी मरीजों के प्रति संवेदनशील एवं उत्तरदायी व्यवहार अपनाएं तथा प्रत्येक मरीज को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिकायत मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि सरकार द्वारा संचालित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से पहुंचे तथा अस्पताल में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को आवश्यक जानकारी और सहयोग प्रदान किया जाए। उपायुक्त रवि आनंद ने कहा कि आमजनों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस उद्देश्य से ऐसे औचक निरीक्षण आगे भी लगातार जारी रहेंगे।





















Total Users : 931997
Total views : 2681562