उपायुक्त को लिखा गया पत्र, सीएम हेमंत सोरेन और शिक्षा मंत्री से भी लगाई गई गुहार, समय से पहले ग्रीष्मकालीन अवकाश (Summer Vacation) घोषित करने की अपील
देवघर (झारखंड), न्यूज स्केल डेस्क: झारखंड के देवघर जिले में इन दिनों आसमान से आग बरस रही है। जिले में अत्यधिक गर्मी पड़ रही है और तापमान 42 से 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। इस भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों के बीच स्कूल जाने वाले छोटे-छोटे बच्चों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। बच्चों के लू लगने (Heatstroke) और बीमार पड़ने का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है, जिसने अभिभावकों की चिंताएं बढ़ा दी हैं।
बच्चों की सेहत और वर्तमान स्थिति की गंभीरता को देखते हुए संजय मुन्नम ने देवघर के उपायुक्त (DC) शशि प्रकाश सिंह को एक मांग पत्र सौंपा है। इस पत्र के माध्यम से उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की है कि देवघर जिले के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों को तत्काल प्रभाव से कम से कम एक सप्ताह के लिए बंद कर दिया जाए। इस मामले को गंभीरता से उठाते हुए संजय ने इस मांग पत्र की प्रतिलिपि (Copy) राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, शिक्षा मंत्री और मुख्य सचिव को भी भेजी है, ताकि राज्य स्तर पर भी बच्चों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जा सकें।
मांग पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि ऐसी चिलचिलाती धूप और लू वाली परिस्थिति में अभिभावकों में काफी दहशत और चिंता व्याप्त है। सरकार और प्रशासन से यह भी अनुरोध किया गया है कि यदि संभव हो तो ग्रीष्मकालीन अवकाश (Summer Vacation) को पूर्व निर्धारित समय से पहले ही लागू कर दिया जाए। इससे बच्चों को इस भीषण गर्मी से राहत भी मिलेगी और उनकी पढ़ाई का भी ज्यादा नुकसान नहीं होगा। अब देखना यह है कि जिला प्रशासन और राज्य सरकार इस गंभीर मौसम और बढ़ती मांग को देखते हुए छोटे बच्चों के हित में कब तक कोई राहत भरा फैसला लेती है।
खौफनाक वारदात: सरेआम युवक के सीने में दागी गोली, मौके पर ही पिस्टल छोड़ भागे हत्यारे!






















Total Users : 928265
Total views : 2676447