फॉर्म-6 के लक्ष्य से बेहतर प्रदर्शन और नोटिस निष्पादन में शत-प्रतिशत उपलब्धि पर उपायुक्त एवं विधायक ने प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित
चौपारण। मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण अभियान में उत्कृष्ट कार्य कर चौपारण के दो निर्वाचन कर्मियों ने प्रखंड का नाम रोशन किया है। बेहतर कार्य प्रदर्शन के लिए दोनों कर्मियों को जिला स्तरीय राज्य स्थापना दिवस समारोह में सम्मानित किया गया। हजारीबाग के उपायुक्त हेमंत सती एवं बरही विधायक मनोज कुमार यादव ने उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके कार्यों की सराहना की।
सम्मानित होने वालों में प्राथमिक विद्यालय नेवरी करमा स्थित मतदान केंद्र संख्या 43 के बीएलओ सह सहायक अध्यापक संजय कुमार यादव शामिल हैं। उन्होंने मतदाता सूची पुनरीक्षण के दौरान फॉर्म-6 के निर्धारित लक्ष्य से 66 अधिक आवेदन प्राप्त कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की। इसके साथ ही नोटिस की सुनवाई एवं निष्पादन का कार्य भी शत-प्रतिशत पूरा किया।
वहीं, मतदान केंद्र संख्या 22 से 31 तक के बीएलओ सुपरवाइजर वीरेंद्र कुमार सिंह को भी उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। उन्होंने अपने अधीनस्थ सभी मतदान केंद्रों पर फॉर्म-6 के निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित किया। साथ ही नोटिस की सुनवाई एवं निष्पादन कार्य में भी सराहनीय योगदान दिया।
दोनों निर्वाचन कर्मियों के कार्यों का मूल्यांकन करते हुए बरही अनुमंडल पदाधिकारी सह 21-बरही विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी जोहान टुड्डू ने सम्मान के लिए उनके नामों की अनुशंसा की थी।
जिला स्तर पर सम्मान प्राप्त होने से चौपारण प्रखंड के निर्वाचन कर्मियों में खुशी का माहौल है। इस उपलब्धि को निर्वाचन कार्यों में बेहतर समर्पण, जिम्मेदारी और कर्तव्यनिष्ठा का परिणाम माना जा रहा है।
























Total Users : 1285031
Total views : 3161853