धार्मिक अनुष्ठानों से मन, विचार और वातावरण होते हैं पवित्र : मनोज यादव
चौपारण। प्रखंड के बेला पंचायत अंतर्गत भूषण्डीह गांव में शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय नौ कुंडीय गायत्री महायज्ञ का शुभारंभ बुधवार को भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। धार्मिक उत्साह और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
कलश यात्रा से पूर्व यज्ञ मंडप में विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की गई तथा ध्वजारोहण कर महायज्ञ का विधिवत शुभारंभ किया गया। इसके बाद बरही विधायक मनोज कुमार यादव (मुकुंद साव सांसद प्रतिनिधि बरही विधान सभा) पंचायत समिति सदस्य खुशबू कुमारी ने श्रद्धालु महिलाओं के माथे पर कलश रखकर उन्हें जलभरण के लिए रवाना किया। गाजे-बाजे और जयकारों के साथ निकली कलश यात्रा में भूषण्डीह सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष एवं युवा शामिल हुए।

कलश यात्रा विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए लेढ़िया नदी तट पहुंची, जहां यज्ञाचार्य नकुलदेव जी ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्रद्धालुओं को जलभरण की रस्म पूरी कराई। इस दौरान श्रद्धालुओं के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।
धार्मिक आयोजन समाज में प्रेम और सद्भाव का देते हैं संदेश : विधायक
इस अवसर पर विधायक मनोज कुमार यादव ने कहा कि धार्मिक अनुष्ठानों में शामिल होने से व्यक्ति का तन और मन दोनों पवित्र होते हैं। ऐसे आयोजन मनुष्य के विचारों को सकारात्मक दिशा देने के साथ समाज में सुख-शांति, प्रेम और सद्भाव का वातावरण तैयार करते हैं। उन्होंने कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों से सामाजिक एकता भी मजबूत होती है।
यज्ञ समिति के अध्यक्ष बीरबल साव एवं सचिव काशी यादव ने बताया कि तीन दिनों तक चलने वाले इस महायज्ञ में प्रतिदिन वैदिक मंत्रोच्चार, हवन-पूजन एवं विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कलश यात्रा में सांसद प्रतिनिधि रामस्वरूप पासवान, विधायक प्रतिनिधि रमेश ठाकुर, मंडल अध्यक्ष रेवाशंकर साव एवं कुलदीप पांडेय, भाजपा नेता अरविंद सिन्हा, विकास यादव, अशोक गुप्ता, सियाराम सिंह, पैक्स अध्यक्ष साहिल सिंह, झरी प्रसाद, अर्जुन साव, बैजनाथ साव सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।























Total Users : 1272547
Total views : 3142446