नॉर्थ कर्णपुरा सुपर थर्मल पावर प्लांट में कन्वेयर बेल्ट का स्ट्रक्चर गिरने से 3 मजदूरों की मौत; सीएम ने एक्स पर पोस्ट कर जताया शोक, दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की की प्रार्थना
रांची/चतरा। झारखंड के चतरा जिले के टंडवा स्थित एनटीपीसी (NTPC) के नॉर्थ कर्णपुरा सुपर थर्मल पावर प्लांट में बुधवार (18 नवंबर 2026) को निर्माण कार्य के दौरान हुए एक बड़े औद्योगिक हादसे में जनहानि की खबर ने पूरे राज्य को हिला दिया है। इस हादसे पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गहरी संवेदना व्यक्त की है।
सोशल मीडिया पर व्यक्त की संवेदना
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बुधवार देर शाम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए लिखा, “चतरा जिले के टंडवा स्थित NTPC के नॉर्थ कर्णपुरा सुपर थर्मल पावर प्लांट में हुई दुर्घटना में जनहानि की खबर अत्यंत दुखद है।” उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से घायलों को हरसंभव चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करायी जा रही है।
इलाज में लापरवाही न बरतने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि घायलों के इलाज में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि उन्हें इस कठिन समय में किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
सीएम ने मारांग बुरु से दिवंगत लोगों की आत्मा की शांति की प्रार्थना की और शोकाकुल परिजनों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की। साथ ही, उन्होंने हादसे में घायल सभी मजदूरों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी प्रार्थना की है।
कैसे हुआ था हादसा?
जानकारी के अनुसार, यह हादसा प्लांट के CHP-JH-1 लोकेशन पर हुआ। यहां निर्माणाधीन पाइप कन्वेयर-2 पर काम चल रहा था, तभी अचानक भारी काउंटरवेट/स्ट्रक्चर गिर गया। इसकी चपेट में वहां काम कर रहे कई मजदूर आ गए। शुरुआती खबरों में 3 मजदूरों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। प्रारंभिक तौर पर निर्माणाधीन स्ट्रक्चर से जुड़ी तकनीकी खामी की आशंका जतायी जा रही है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि अभी होना बाकी है।



















Total Users : 1272314
Total views : 3142043