मनीला में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हुई आत्मीय मुलाकात, पैतृक गांव रामपुर सहित चौपारण में खुशी की लहर
चौपारण। हजारीबाग जिले के चौपारण प्रखंड स्थित रामपुर गांव के निवासी आचार्य प्रेम शंकर पाण्डेय ने अपनी उपलब्धियों से चौपारण ही नहीं, बल्कि पूरे झारखंड का नाम रोशन किया है। फिलीपींस की राजधानी मनीला में उनकी भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हुई आत्मीय मुलाकात क्षेत्र के लिए गर्व और चर्चा का विषय बन गई है। इस खबर के सामने आने के बाद उनके पैतृक गांव रामपुर सहित आसपास के इलाकों में हर्ष का माहौल है।
बताया जाता है कि आचार्य प्रेम शंकर पाण्डेय फिलीपींस में एक प्रतिष्ठित धर्मगुरु के रूप में अपनी पहचान रखते हैं। वे विदेश में भारतीय संस्कृति, सनातन धर्म और आध्यात्मिक परंपराओं के प्रचार-प्रसार में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। अपने धार्मिक, आध्यात्मिक कार्यों और समर्पण के माध्यम से उन्होंने विदेश की धरती पर भारतीय संस्कृति की पहचान को मजबूत करने का प्रयास किया है।
रामपुर जैसे छोटे से गांव से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान स्थापित करना उनकी मेहनत, साधना और समर्पण को दर्शाता है। मनीला में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात उनके लिए एक यादगार उपलब्धि है। साथ ही यह रामपुर, चौपारण, हजारीबाग और झारखंड के लिए भी गौरव का क्षण है।
आचार्य प्रेम शंकर पाण्डेय की इस उपलब्धि पर स्थानीय लोगों ने प्रसन्नता जाहिर करते हुए कहा कि गांव की प्रतिभा का अंतरराष्ट्रीय मंच पर सम्मानित होना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। उनकी सफलता से क्षेत्र के युवाओं को भी अपनी प्रतिभा, मेहनत और लगन के बल पर देश-विदेश में पहचान बनाने की प्रेरणा मिलेगी।
रामपुर के इस सपूत की उपलब्धि ने एक बार फिर साबित किया है कि प्रतिभा और समर्पण की कोई सीमा नहीं होती।






















Total Users : 1271252
Total views : 3140319