जीटी रोड निर्माण कंपनी के अधिकारी/संवेदक को निशाना बनाए जाने की आशंका, CCTV में संदिग्ध अपराधी कैद; पुलिस ने की नाकेबंदी
बरही(हजारीबाग)। बरही में शुक्रवार देर शाम अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी। स्टेशन रोड स्थित AK होटल के समीप अज्ञात अपराधियों ने 4 से 5 राउंड गोलियां चलाईं। घटना के बाद मौके पर राहुल दुबे गैंग के नाम का एक पर्चा भी फेंका गया, जिससे इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है।
जानकारी के अनुसार, फायरिंग की घटना में जीटी रोड निर्माण कार्य से जुड़ी एक प्रतिष्ठित सड़क निर्माण कंपनी के अधिकारी अथवा संवेदक को निशाना बनाए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। वरीय पुलिस अधिकारी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी लेते हुए निरीक्षण किया। पुलिस ने इलाके में नाकेबंदी कर सघन जांच अभियान शुरू कर दिया है। बताया जा रहा है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कई स्थानों पर संदिग्ध अपराधियों की गतिविधियां कैद हुई हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालकर अपराधियों की पहचान करने में जुटी है। साथ ही घटनास्थल से मिले पर्चे की भी जांच की जा रही है।
फिलहाल फायरिंग के पीछे की असली वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि घटना के पीछे रंगदारी, आपसी रंजिश या कोई अन्य आपराधिक कारण है। इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी एवं जांच अभियान जारी है।



















Total Users : 1266839
Total views : 3133905