किसी के हताहत होने की सूचना नहीं, कैंपस में खड़े वाहनों पर कई राउंड गोलियां; एसपी टंडवा थाना पहुंचे, एसडीपीओ ने जल्द उद्भेदन का भरोसा दिया
टंडवा (चतरा)। आम्रपाली कोल परियोजना कार्यालय के ठीक सामने स्थित एवीएस इंटरप्राइजेज के दफ्तर में बुधवार देर रात करीब 12 बजे अपराधियों ने गोलीबारी की, जिससे सनसनी फैल गई। एवीएस इंटरप्राइजेज एनसीसी से पेटी कॉन्ट्रैक्ट लेकर शिवपुर रेलवे साइडिंग तक कोयले की ढुलाई करती है। किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
पुलिस ने घटनास्थल से कई खोखे और अपराधियों द्वारा छोड़ा गया पर्चा बरामद किया है। बताया गया कि अपराधियों ने परिसर में खड़े वाहनों पर कई राउंड फायरिंग की।
पर्चे में धमकी: पर्चे में राहुल दूबे, अमन साहु, मयंक सिंह, प्रकाश शुक्ला और राहुल दूबे गैंग के नाम से एवीएस का कारोबार संभाल रहे अर्श और आदित्य साहु को अंजाम भुगतने की धमकी दी गई है। मामला लेवी मांगने से जुड़ा बताया जा रहा है। हालांकि खबर लिखे जाने तक पीड़ित पक्ष ने सार्वजनिक रूप से इसकी पुष्टि नहीं की है।
पुलिस की कार्रवाई: घटनास्थल पर एसडीपीओ प्रभात रंजन बरवार और पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी विपिन कुमार दल-बल के साथ पहुंचे और मुआयना किया। एसडीपीओ ने कहा कि पुलिस हर संभावित पहलू से जांच कर रही है और कांड के जल्द उद्भेदन का भरोसा जताया। सूत्रों के अनुसार एसपी अनिमेष नैथानी भी टंडवा थाना पहुंचे, मामले की जानकारी ली और पुलिस अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए।
चर्चा: क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। पर्चे में कई एक-दूसरे के विरोधी गैंगस्टरों के नाम होने से स्थानीय स्तर पर यह आशंका भी जताई जा रही है कि घटना किसी छोटे या शरारती गिरोह ने की हो। पुलिस ने इस पर कोई पुष्टि नहीं की है। लगातार हो रही घटनाओं से कारोबारियों और आम लोगों में भय है और सबकी नजर पुलिस कार्रवाई पर है।



















Total Users : 1265334
Total views : 3131696