एसपी ने की प्रेसवार्ता, हेडुम में छापामारी में 2.5 किलो अफीम जब्त; पंजाब ले जाने की थी तैयारी, एक आरोपी फरार
चतरा। पुलिस ने लावालौंग थाना क्षेत्र से करीब 30 लाख रुपये की अफीम के साथ चार तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। उनके पास से चार लाख रुपये नकद भी बरामद हुए हैं। यह जानकारी पुलिस अधीक्षक अभिषेक नैथानी ने रविवार को समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में प्रेसवार्ता कर दी।

एसपी ने बताया कि शनिवार को वरीय पुलिस पदाधिकारी को गुप्त सूचना मिली थी कि हेडुम गांव के मुनेश्वर कुमार यादव और दिनेश कुमार यादव अवैध अफीम की खरीद-बिक्री कर रहे हैं और कुछ ही देर में अफीम लेकर पंजाब के लिए निकलने वाले हैं। सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए एसडीपीओ सिमरिया के नेतृत्व में थाना प्रभारी पुलिस अवर निरीक्षक चंदन कुमार के साथ छापामारी दल गठित किया गया।
दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हेडुम में छापेमारी की। वहां अफीम की खरीद-बिक्री और पंजाब ले जाने की तैयारी करते चार लोग पकड़े गए, जबकि एक व्यक्ति भागने में सफल रहा। मुनेश्वर यादव के पास से 2.5 किलो अफीम, चार लाख रुपये नकद, तीन मोबाइल और एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में हेडुम निवासी मुनेश्वर कुमार यादव (करीब 30 वर्ष) और कमलेश कुमार यादव (करीब 19 वर्ष), दोनों के पिता हरदेव यादव, हेडुम के ही पंकज कुमार (करीब 19 वर्ष), पिता नरेश यादव, तथा गरहे टोला गेरुआडीह निवासी राकेश कुमार यादव (19 वर्ष), पिता काली यादव शामिल हैं। सभी लावालौंग थाना क्षेत्र, जिला चतरा के रहने वाले हैं।

पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपी पहले भी अफीम तस्करी के आरोप में जेल जा चुके हैं। मुनेश्वर कुमार यादव पर हरियाणा के करनाल सिविल लाइन थाने में कांड संख्या 47/25 (दिनांक 26.11.2025) एनडीपीएस एक्ट की धारा 18/27ए/29 के तहत मामला दर्ज है, जबकि कमलेश कुमार यादव पर पंजाब में एनडीपीएस एक्ट का मामला दर्ज है।
इस संबंध में लावालौंग थाना कांड संख्या 74/26, दिनांक 11.10.2026 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 17(सी)/18(बी)/27(ए) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर सभी को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। एसपी ने कहा कि अफीम तस्करों को किसी भी हाल में छोड़ा नहीं जाएगा। यह सफलता अफीम तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान मिली।
छापामारी दल में थाना प्रभारी चंदन कुमार के अलावा अवर निरीक्षक वाजिद अली, थाना सशस्त्र बल और स्थानीय चौकीदार शामिल थे।


















Total Users : 1230239
Total views : 3081456