Home बिहार झारखंड देश-विदेश मनोरंजन खेलकूद क्राइम शिक्षा राजनीति स्वास्थ राशिफल
---Advertisement---

त्योहार से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, एक्सपायरी मसाले जब्त कर किए नष्ट

---Advertisement---
WhatsApp Group Join Now

चट्टी में मिठाई दुकानों से लिए गए नमूने, अखाद्य रंग मिला छोला मौके पर नष्ट

लोहरदगा। आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने शनिवार, 10 अक्टूबर को भंडरा प्रखंड के चट्टी में सघन छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान मिठाई दुकानों, किराना स्टोर और सड़क किनारे संचालित ठेले-खोमचे की जांच की गई। अभियान में एक्सपायरी मसाले जब्त कर नष्ट किए गए, जबकि अखाद्य रंग मिला छोला भी मौके पर नष्ट कराया गया।

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मेसर्स जगतपाल होटल, मोती मिष्ठान भंडार, साहू स्वीट्स और बंगाली स्वीट्स समेत विभिन्न प्रतिष्ठानों में जांच की। इस दौरान रसगुल्ला, पनीर, लड्डू, कलाकंद और जलेबी की मौके पर जांच की गई। प्रारंभिक जांच में स्टार्च की मिलावट या मिठाइयों में अखाद्य रंग के इस्तेमाल की पुष्टि नहीं हुई। हालांकि, विस्तृत रासायनिक जांच के लिए रसगुल्ला, पनीर, राजभोग और पेड़ा के वैधानिक नमूने संग्रह किए गए। इन्हें राज्य खाद्य जांच प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

किराना दुकान में मिले एक्सपायरी मसाले

जांच के क्रम में मेसर्स तनु किराना स्टोर में एक्सपायरी मसाले और अखाद्य रंग के पैकेट पाए गए। विभाग ने लगभग तीन हजार रुपये मूल्य के एक्सपायरी मसालों को जब्त कर नष्ट कर दिया। दुकान संचालक को दोबारा ऐसी अनियमितता नहीं करने तथा वैध लाइसेंस प्राप्त करने के बाद ही दुकान का संचालन सुनिश्चित करने के लिए नोटिस दिया गया। वहीं, सड़क किनारे लगे ठेले-खोमचे और चाट-पकौड़ी व चाउमीन स्टॉल की भी जांच की गई। इस दौरान एक ठेले पर अखाद्य रंग मिला छोला पाया गया, जिसे मौके पर ही नष्ट करा दिया गया।

साफ-सफाई दुरुस्त रखने का निर्देश

खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी खाद्य कारोबारियों को दुकानों में साफ-सफाई की व्यवस्था बेहतर बनाने के निर्देश दिए। साथ ही खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा इसके तहत लागू नियमों और विनियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने को कहा गया।

विभाग ने स्पष्ट किया कि पर्व-त्योहार के दौरान आम लोगों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच और खाद्य सुरक्षा मानकों की निगरानी आगे भी जारी रहेगी। अभियान में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी मोइन अख्तर, विश्वनाथ गगराई सहित विभाग के अन्य कर्मी मौजूद थे।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment