CID की बड़ी कार्रवाई से परीक्षा सिंडिकेट में हड़कंप, रैकेट और पैसों के लेन-देन की जांच तेज
रांची। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की स्नातक योग्यताधारी संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2023 (CGL) में कथित अनियमितताओं की जांच कर रही सीआईडी ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच एजेंसी ने परीक्षा में सफल घोषित किए गए चार अभ्यर्थियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद परीक्षा से जुड़े कथित नेटवर्क में हड़कंप मच गया है।
गिरफ्तार अभ्यर्थियों की पहचान दीपक कुमार, उमेश कुमार राय, विजय कुमार तिवारी और आनंद कुमार सिंह के रूप में हुई है। इनमें से कुछ अभ्यर्थियों के स्थायी पते धनबाद, भोजपुर और सारण से जुड़े हैं, जबकि वर्तमान पते धनबाद और बोकारो में बताए गए हैं।
किस-किस की हुई गिरफ्तारी
- दीपक कुमार — बिजनेस सनशाइन अपार्टमेंट, श्यामली होटल के पास, नवाडीह, धनबाद।
- उमेश कुमार राय — मूल निवासी काकिला, थाना जगदीशपुर, भोजपुर (बिहार); वर्तमान पता न्यू बीसीसीएल कॉलोनी, बोकारो।
- विजय कुमार तिवारी — ग्राम घड़कीडीह, पोस्ट रोजाम, थाना राजगंज, धनबाद।
- आनंद कुमार सिंह — मूल निवासी ग्राम व पोस्ट खतरा, थाना कोपा, सारण (बिहार); वर्तमान पता सुदामडीह, रिवरसाइड मार्केट, धनबाद।
पूछताछ में खुलेगा कथित नेटवर्क का राज
CID की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, चारों की गिरफ्तारी JSSC-CGL 2023 में सामने आई कथित अनियमितताओं की जांच के आधार पर की गई है। अब जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि इन अभ्यर्थियों ने परीक्षा में सफलता हासिल करने के लिए किसी रैकेट या बिचौलिये की मदद ली थी या नहीं।
इसके साथ ही कथित तौर पर हुए पैसों के लेन-देन और परीक्षा में गड़बड़ी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। सीआईडी जांच का दायरा आगे बढ़ाते हुए यह पता लगाने में जुटी है कि इस पूरे मामले के पीछे कोई संगठित नेटवर्क या मास्टरमाइंड सक्रिय था या नहीं। गिरफ्तार अभ्यर्थियों से पूछताछ के आधार पर जांच एजेंसी आगे की कड़ियां जोड़ने में लगी है।























Total Users : 1140568
Total views : 2966866