एक माह तक कांवरियों व श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क भोजन, ठहराव एवं स्वास्थ्य सुविधा की रही व्यवस्था
इटखोरी (चतरा)। चतरा जिले के प्रसिद्ध तीन धर्मों के संगम स्थल मां भद्रकाली नगरी में मां भद्रकाली सेवा संस्था की ओर से सावन माह में कांवरियों एवं श्रद्धालुओं के लिए लगाए गए एक माह लंबे सेवा शिविर का सावन पूर्णिमा के अवसर पर भव्य भक्ति जागरण के साथ समापन हुआ। शिविर के दौरान श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क भोजन, ठहरने एवं स्वास्थ्य सुविधा की व्यवस्था की गई थी।
समापन समारोह के अवसर पर आयोजित भक्ति जागरण में प्रसिद्ध कलाकार निर्भय पांडेय, अनुपम गिरी, मनीता श्री एवं मोना सिंह ने एक से बढ़कर एक भक्ति गीत प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। मेरा भोला है भंडारी, कालों के काल महाकाली भद्रकाली, न हमसे भंगिया पिसाई के गणेश के पापा, बोल बम के नारा बा, दम-दम डमरू बजाए, भांग पीके गाड़ी मत चलाई हो ड्राइवर भैया, हमरा किन दिहिया लाले-लाले चुनरिया समेत विभिन्न भक्ति गीतों पर श्रोता देर तक झूमते रहे।
भक्ति जागरण के दौरान संस्था की ओर से कलाकार निर्भय पांडेय, मोना सिंह, मनीता श्री एवं अनुपम गिरी समेत अन्य कलाकारों को चुनरी भेंटकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से मुखिया रंजय भारती, संस्था के अध्यक्ष सूरज कुमार सिंह, मुख्य सलाहकार संतोष केसरी, उपाध्यक्ष आदित्य पासवान, कोषाध्यक्ष धीरज चंद्रवंशी, सचिव निर्भय पांडेय, पारस शर्मा समेत संस्था के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।
एक माह तक चले सेवा शिविर के माध्यम से कांवरियों एवं श्रद्धालुओं की सेवा करने के बाद आयोजित भक्ति जागरण के साथ कार्यक्रम का शांतिपूर्ण एवं भक्तिमय वातावरण में समापन हुआ।





















Total Users : 1140588
Total views : 2966892