उत्तरवाहिनी मोहाने नदी में स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने की माता की पूजा, सहस्र शिवलिंग पर किया जलाभिषेक
इटखोरी (चतरा)। सावन पूर्णिमा के अवसर पर शुक्रवार को इटखोरी स्थित मां भद्रकाली मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। अहले सुबह से ही मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं का सिलसिला शुरू हो गया, जो देर शाम तक जारी रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालु डीजे की धुन और भक्ति गीतों के बीच मंदिर पहुंचते नजर आए।
श्रद्धालुओं ने सबसे पहले उत्तरवाहिनी मोहाने नदी में स्नान किया। इसके बाद मां भद्रकाली मंदिर पहुंचकर माता का दर्शन एवं विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। माता के दर्शन के बाद श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर स्थित सहस्र शिवलिंग पर जल चढ़ाकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर भक्तों की भीड़ और भक्ति के माहौल से सराबोर रहा।
दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालु
सावन पूर्णिमा को लेकर मां भद्रकाली मंदिर में विशेष उत्साह देखने को मिला। इटखोरी प्रखंड के अलावा चतरा जिले के विभिन्न क्षेत्रों तथा पड़ोसी जिलों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन और सहस्र शिवलिंग पर जलाभिषेक करने पहुंचे।
सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की लगातार आवाजाही बनी रही। श्रद्धालुओं ने माता की पूजा-अर्चना कर परिवार में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। सावन पूर्णिमा पर उमड़ी भीड़ के कारण मंदिर परिसर में पूरे दिन धार्मिक एवं भक्तिमय वातावरण बना रहा।






















Total Users : 1140560
Total views : 2966858