मुख्य अतिथि ने फीता काटकर किया उद्घाटन, खिलाड़ियों को मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने की दी सीख
लावालौंग (चतरा)। सिमरिया विधानसभा क्षेत्र के लावालौंग प्रखंड अंतर्गत हेडूम पंचायत के खेल मैदान में रामदेव मेमोरियल फुटबॉल टूर्नामेंट 2026 का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि चतरा जिला कांग्रेस कमेटी के जिला उपाध्यक्ष प्रेम रंजन पासवान ने फीता काटकर किया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में सिमरिया विधानसभा के पूर्व विधायक गणेश गंझू मौजूद रहे।
उद्घाटन समारोह में उप प्रमुख महमूद खान, लावालौंग बीस सूत्री अध्यक्ष छट्ठू सिंह भोक्ता, जिला परिषद सदस्य प्रसाद भारती, लावालौंग कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष प्रमोद तुरी, टंडवा युवा कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष गोविन्द पंडा, प्रदीप तुरी, लालू यादव, गुली सिंह भोक्ता, छट्ठू पाहन, रामजतन गंझू, मनोज सिंह समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
ग्रामीण प्रतिभाओं को बेहतर मंच देने की जरूरत
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए प्रेम रंजन पासवान ने खिलाड़ियों और युवाओं का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत है कि युवाओं को बेहतर मंच के साथ खेल के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने खिलाड़ियों को पूरी मेहनत, अनुशासन और खेल भावना के साथ आगे बढ़ने की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी खिलाड़ियों, युवाओं एवं उपस्थित लोगों को रक्षाबंधन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं भी दीं। कहा कि खेल युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के साथ अनुशासन, मेहनत और टीम भावना की सीख देता है।
खेल मैदान विकसित करने का दिया भरोसा
प्रेम रंजन पासवान ने हेडूम पंचायत के वर्तमान मिट्टी के खेल मैदान को संवारने और विकसित करने को लेकर आयोजन समिति एवं स्थानीय लोगों से चर्चा की। उन्होंने मैदान को खेल के अनुकूल बनाने के लिए हरसंभव सहयोग एवं मदद का भरोसा दिलाया।
वहीं विशिष्ट अतिथि पूर्व विधायक गणेश गंझू ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के आयोजन युवाओं की प्रतिभा को निखारने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने आयोजन समिति को सफल टूर्नामेंट के लिए शुभकामनाएं दीं। टूर्नामेंट के उद्घाटन को लेकर स्थानीय युवाओं और खेलप्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला। उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य लोगों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। आयोजन समिति ने सभी अतिथियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार जताया।






















Total Users : 1140577
Total views : 2966876