आर्थिक संकट से जूझ रहे परिजनों को दी सहायता, जर्जर विद्यालय भवन व सड़क की समस्या के समाधान का दिलाया भरोसा
चतरा/सिमरिया। सिमरिया प्रखंड के चोपे पंचायत अंतर्गत बड़गांव निवासी स्व. शिवसागर उपाध्याय के निधन के बाद आर्थिक संकट से जूझ रहे परिवार की मदद के लिए चतरा सांसद कालीचरण सिंह शुक्रवार को बड़गांव पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर दिवंगत की पत्नी एवं बच्चों को आर्थिक सहायता राशि प्रदान की तथा हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
ज्ञात हो कि चालक शिवसागर उपाध्याय की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। वे परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे। उनके निधन के बाद पत्नी, चार छोटे बच्चों और वृद्ध मां के समक्ष भरण-पोषण का संकट उत्पन्न हो गया। इसके साथ ही धार्मिक कर्मकांड को लेकर भी परिवार आर्थिक परेशानी से जूझ रहा है। इससे पहले रांची के एक अस्पताल में बकाया राशि का भुगतान नहीं होने के कारण शव रोके जाने का मामला भी सामने आया था।
सांसद कालीचरण सिंह ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में वे परिवार के साथ खड़े हैं और हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास करेंगे। सांसद की ओर से दी गई आर्थिक सहायता से परिवार को तत्काल राहत मिलने की उम्मीद है। उन्होंने भविष्य में भी परिवार की मदद के लिए सदैव खड़े रहने का भरोसा दिलाया।
जर्जर विद्यालय भवन और सड़क की समस्या भी सुनी
बड़गांव दौरे के दौरान सांसद ने ग्रामीणों से क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं की जानकारी ली। ग्रामीणों ने गांव के जर्जर विद्यालय भवन और खराब सड़क की समस्या से उन्हें अवगत कराया। सांसद ने दोनों समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाते हुए कहा कि आमसभा में योजना पारित कर प्रस्ताव भेजें। प्राथमिकता के आधार पर योजनाओं पर काम कराने का प्रयास किया जाएगा। मौके पर सांसद प्रतिनिधि ईश्वर दयाल पांडेय, भाजपा नेता प्रमोद सिंह, पेयजल विभाग सांसद प्रतिनिधि रामचन्द्र गुप्ता, बिरोचन गिरि, भाजपा किसान मोर्चा के श्याम सिंह, अजय उपाध्याय, पप्पू उपाध्याय समेत अन्य लोग मौजूद थे।






















Total Users : 1140577
Total views : 2966876