बाइपास सड़क निर्माण स्थल पर तीन राउंड गोलीबारी और आगजनी, मोटरसाइकिल सवार दो अपराधियों की तलाश में पुलिस की छापेमारी तेज
लोहरदगा। सदर थाना क्षेत्र के कैमो महुवाटोली स्थित बाइपास सड़क निर्माण साइट पर गुरुवार देर रात मोटरसाइकिल सवार दो हथियारबंद अपराधियों ने गोलीबारी और आगजनी की घटना को अंजाम दिया। अपराधियों ने करीब तीन राउंड फायरिंग की, जिसमें निर्माण स्थल की सुरक्षा में तैनात गार्ड शशिभूषण लकड़ा के हाथ में गोली लग गई। घायल गार्ड को लोहरदगा सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, देर रात एक मोटरसाइकिल पर सवार दो हथियारबंद अपराधी महुवाटोली स्थित निर्माण स्थल पर पहुंचे। वहां पहुंचते ही उन्होंने मौजूद लोगों को धमकाना शुरू कर दिया। इसी दौरान अपराधियों ने अचानक फायरिंग कर दी। गोली लगने से सुरक्षा गार्ड शशिभूषण लकड़ा घायल हो गए। गोलीबारी की आवाज सुनते ही निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और कर्मचारी व अन्य लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
एसपी समेत पुलिस अधिकारियों ने पहुंचकर जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। लोहरदगा एसपी सादिक अनवर रिजवी समेत पुलिस के कई अधिकारी और जवान घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस टीम ने निर्माण स्थल का बारीकी से निरीक्षण कर घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस आसपास के इलाकों में छानबीन कर रही है। संभावित ठिकानों पर छापेमारी के साथ तकनीकी माध्यमों से भी सुराग जुटाए जा रहे हैं।
लेवी या दहशत फैलाने की आशंका, कई बिंदुओं पर जांच
पुलिस घटना के पीछे अपराधियों की मंशा की भी जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर विकास कार्य को बाधित करने, निर्माण कंपनी से लेवी मांगने अथवा इलाके में भय का माहौल पैदा करने जैसी आशंकाओं को जांच के दायरे में रखा गया है। हालांकि, घटना का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं है।
जिला मुख्यालय से कुछ ही दूरी पर सड़क निर्माण साइट पर हुई गोलीबारी और आगजनी के बाद आसपास के लोगों तथा निर्माण कार्य में लगे कर्मचारियों में भय का माहौल है। स्थानीय लोगों ने अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। घायल सुरक्षा गार्ड शशिभूषण लकड़ा का रांची में इलाज चल रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और घटना में शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज कर दी गई है।






















Total Users : 1140522
Total views : 2966815