हर-हर महादेव और जय माता दी के जयकारों से गूंजा क्षेत्र, बुधवार को होगा भव्य मेला सह भक्ति जागरण
पत्थलगड़ा (चतरा)। चतरा जिले के पत्थलगड़ा प्रखंड अंतर्गत नावाडीह स्थित मोरशेरवा मंदिर परिसर में आयोजित धार्मिक अनुष्ठान को लेकर सोमवार को गाजे-बाजे के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा में करीब 800 कलशधारी महिला-पुरुष शामिल हुए।
कलशधारी पीले वस्त्र धारण कर माथे पर कलश लेकर मोरशेरवा पहाड़ी स्थित मंदिर परिसर से निकले। इस दौरान पूरा क्षेत्र हर-हर महादेव और जय माता दी के जयकारों से गूंज उठा। यात्रा वासुदेव मठ पहुंची, जहां नदी तट पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलशों में पवित्र जल भरा गया।
इसके बाद श्रद्धालु कलश लेकर पुनः वासुदेव मठ से मोरशेरवा मंदिर पहुंचे। यहां विधि-विधान के साथ कलश स्थापित कर देवी-देवताओं का जलाभिषेक किया गया। श्रद्धालुओं ने क्षेत्र में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
बड़ी संख्या में ग्रामीण हुए शामिल
धार्मिक आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में जिला परिषद सदस्य रामसेवक दांगी उर्फ रामा भगत, पूर्व मुखिया मेघन दांगी और दिनेश्वर राम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। मंदिर समिति के अनुसार, धार्मिक अनुष्ठान के तहत बुधवार को भव्य मेला सह भक्ति जागरण का आयोजन किया जाएगा। आयोजन को लेकर ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है।























Total Users : 1126387
Total views : 2947284