इलाज के लिए रांची रेफर, मुआवजे की मांग पर आठ घंटे मुख्य मार्ग जाम
टंडवा (चतरा)। चतरा जिले के टंडवा थाना क्षेत्र अंतर्गत खधैया के पास सोमवार को बालू लदे ट्रैक्टर और मोटरसाइकिल के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार 23 वर्षीय उज्जवल चौबे, निवासी बेलवारी, गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके पिता का नाम रंजीत चौबे बताया गया है।
जानकारी के अनुसार, उज्जवल चौबे बाबाधाम का प्रसाद पहुंचाने के लिए टंडवा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान खधैया के पास बालू लदे ट्रैक्टर ने उनकी मोटरसाइकिल को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस वाहन देखकर ट्रैक्टर चालक ने भागने की कोशिश की
स्थानीय लोगों के अनुसार, पुलिस वाहन को देखते ही ट्रैक्टर चालक ने खधैया मैदान के पास बालू अनलोड किया और तेज गति से भागने का प्रयास किया। इसी दौरान ट्रैक्टर की मोटरसाइकिल से टक्कर हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर मौके से फरार हो गया।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल उज्जवल चौबे को इलाज के लिए हजारीबाग ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित वेदांता अस्पताल रेफर कर दिया।
मुआवजे की मांग को लेकर आठ घंटे सड़क जाम
घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने घायल के इलाज के लिए मुआवजे की मांग को लेकर टंडवा-सिमरिया मुख्य सड़क जाम कर दिया। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह बाधित रहा।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। बाद में जिला परिषद सदस्य देवती देवी, पूर्व मुखिया उपेंद्र यादव एवं एसआई नवमी सिंह की पहल पर ट्रैक्टर मालिक ने घायल के इलाज के लिए दो लाख रुपये देने पर सहमति जताई। इसके बाद करीब आठ घंटे बाद सड़क जाम समाप्त कराया गया और टंडवा-सिमरिया मुख्य मार्ग पर आवागमन सामान्य हुआ। वहीं, घटना के बाद पुलिस मामले की जांच और फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश में जुटी है।























Total Users : 1126393
Total views : 2947292