बिजली की समस्या को लेकर ग्रामीणों का एकदिवसीय धरना, आंदोलन तेज करने की चेतावनी
इटखोरी (चतरा)। चोरकारी विद्युत पावर ग्रिड को इटखोरी पावर हाउस से जोड़ने की मांग को लेकर सोमवार को इटखोरी प्रखंड विद्युत आपूर्ति संघर्ष समिति के बैनर तले ग्रामीणों ने पावर हाउस गेट के सामने एकदिवसीय धरना दिया। धरने की अध्यक्षता परसौनी पंचायत के पूर्व मुखिया श्याम प्रसाद सिंह ने की।
धरने में इटखोरी प्रखंड की विभिन्न पंचायतों के मुखिया, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। इस दौरान ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ नाराजगी जताते हुए क्षेत्र में बेहतर और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
लो वोल्टेज और बिजली कटौती से परेशान ग्रामीण
धरनार्थियों ने कहा कि क्षेत्र में चोरकारी पावर ग्रिड का निर्माण होने के बावजूद इटखोरी प्रखंड की बिजली व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है। लो वोल्टेज, बार-बार बिजली कटौती और घंटों बिजली गुल रहने से आम उपभोक्ताओं के साथ किसान और छात्र भी परेशान हैं। ग्रामीणों की प्रमुख मांग है कि चोरकारी पावर ग्रिड को अविलंब इटखोरी पावर हाउस से जोड़ा जाए, ताकि क्षेत्र में बिजली की समस्या का स्थायी समाधान हो सके और लोगों को पर्याप्त व निर्बाध बिजली मिल सके।
मांग पूरी नहीं हुई तो आंदोलन होगा तेज
धरने के दौरान वक्ताओं ने कहा कि बिजली क्षेत्र की मूलभूत आवश्यकता है। लंबे समय से समस्या का सामना कर रहे ग्रामीणों की मांग पर जल्द सकारात्मक पहल नहीं हुई तो संघर्ष समिति आंदोलन को और व्यापक एवं तेज करेगी। धरने में पूर्व मुखिया श्याम प्रसाद सिंह, महेंद्र पांडे, 20 सूत्री अध्यक्ष जगेश्वर यादव, सुरेश राम, कोनी पंचायत के मुखिया रंजय भारती, मालकपुर मुखिया प्रतिनिधि राजकुमार रजक, इटखोरी मुखिया जुगेश्वर दांगी, विवेक पांडे, भाजपा नेता राजेंद्र राम समेत सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।






















Total Users : 1126393
Total views : 2947292