पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा, अलमारी-बैटरी समेत चोरी का सामान बरामद
इटखोरी (चतरा)। पुलिस ने इटखोरी प्रखंड मुख्यालय स्थित बालिका परियोजना उच्च विद्यालय इटखोरी का ताला तोड़कर चोरी करने के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से चोरी के कई सामान के साथ घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की बुलेट मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान परोका गांव निवासी तुषार कुमार और पुराना नगर इटखोरी निवासी सुनील कुमार के रूप में हुई है। इसकी जानकारी डीएसपी मुख्यालय सुनील कुमार ने समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता में दी।
बुलेट से चोरी का सामान लेकर जा रहे थे आरोपी
डीएसपी ने बताया कि 15 अगस्त की रात बालिका परियोजना उच्च विद्यालय, इटखोरी का ताला तोड़कर विद्यालय में रखे कई सामानों की चोरी कर ली गई थी। मामले को लेकर विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने इटखोरी थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
अनुसंधान के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि चोरी का सामान लेकर अपराधकर्मी बुलेट मोटरसाइकिल से परोका गांव की ओर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।
चोरी का सामान बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से विद्यालय की लोहे की अलमारी, एक्साइड कंपनी की बड़ी बैटरी, माइक्रोटेक कंपनी का इनवर्टर, सीसीटीवी कैमरा, मॉनिटर, दो कीपैड मोबाइल और दो स्मार्टफोन बरामद किए हैं। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की बुलेट बाइक भी जब्त की गई है। डीएसपी ने बताया कि जब्त बुलेट मोटरसाइकिल के संबंध में भी पुलिस जांच कर रही है।
छापेमारी टीम में ये रहे शामिल
कार्रवाई में इटखोरी थाना प्रभारी अभिषेक कुमार, सअनि विदेश कुमार पांडेय, पंकज कुमार सहित इटखोरी थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर मामले में अन्य संभावित संलिप्तता और चोरी की घटनाओं के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।























Total Users : 1126383
Total views : 2947277