Home बिहार झारखंड देश-विदेश मनोरंजन खेल क्राइम शिक्षा राजनीति हेल्थ राशिफल
---Advertisement---

शहीद शक्ति सिंह की 10वीं पुण्यतिथि पर उमड़ा जनसैलाब

---Advertisement---
WhatsApp Group Join Now

तिरंगा यात्रा निकालकर वीर सपूत को दी श्रद्धांजलि, शहीद पार्क में पेभर-ब्लॉक व शेड निर्माण की घोषणा

मयूरहंड (चतरा)। “शहीदों की चिताओं पर लगेंगे हर बरस मेले, वतन पर मरने वालों का यही अंतिम निशां होगा।” इसी भाव के साथ मयूरहंड प्रखंड मुख्यालय स्थित शहीद स्मारक पर अम्बातरी निवासी अधिवक्ता संत कुमार सिंह के पुत्र अमर शहीद शक्ति सिंह की 10वीं पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, पूर्व सैनिकों, छात्र-छात्राओं एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने वीर शहीद को श्रद्धासुमन अर्पित किए।

कार्यक्रम की शुरुआत तिरंगा यात्रा से हुई। यात्रा में सिमरिया विधायक उज्ज्वल कुमार दास, चतरा विधायक जनार्दन पासवान, बिहार सरकार के पूर्व एमएलसी प्रवीण कुमार सिंह, इंटक नेता प्रदीप सिंह, भाजपा नेता मनोज कुमार सिंह, जिला परिषद सदस्य चंद्रदेव गोप, भूतपूर्व सैनिक वेलफेयर ट्रस्ट एसोसिएशन के सदस्य, विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग शामिल हुए।

तिरंगा यात्रा के बाद शहीद स्मारक पर वीर शहीद शक्ति सिंह की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी गई। पूर्व सैनिकों ने शहीद के सम्मान में भावपूर्ण सलामी देकर उन्हें नमन किया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन से हुई।

शहीद के परिजनों को किया सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान शहीद के पिता अधिवक्ता संत कुमार सिंह समेत दो अन्य शहीद परिजनों को सिमरिया विधायक उज्ज्वल कुमार दास और चतरा विधायक जनार्दन पासवान ने अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया। इसके बाद झारखंड आवासीय विद्यालय, स्वामी विवेकानंद उच्च विद्यालय एवं मॉडर्न एज पब्लिक स्कूल की छात्राओं ने कारगिल युद्ध और ऑपरेशन सिंदूर की थीम पर आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों में देशभक्ति का भाव भर दिया।

शहीद पार्क में निर्माण कार्य की घोषणा

सिमरिया विधायक उज्ज्वल कुमार दास ने शहीद शक्ति सिंह के बलिदान को याद करते हुए विद्यार्थियों से उनके जीवन और देशसेवा से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। उन्होंने शहीद पार्क में पेभर-ब्लॉक एवं शेड निर्माण कराने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि अमर शहीद शक्ति सिंह ने देश की सेवा में अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है और वे पूरे राष्ट्र के लिए गौरव हैं।

कार्यक्रम के दौरान प्रखंडवासियों ने शहीद शक्ति सिंह के शहादत दिवस को झारखंड सरकार की ओर से सरकारी कार्यक्रम के रूप में घोषित करने की मांग भी उठाई। कार्यक्रम का आयोजन भूतपूर्व सैनिक वेलफेयर ट्रस्ट एसोसिएशन के तत्वावधान में किया गया। आयोजन को सफल बनाने में भूतपूर्व सैनिक सुभाष सिंह और हिमांशु सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। शिक्षक ज्वाला कुमार ने शानदार मंच संचालन किया, जिसकी उपस्थित लोगों ने सराहना की।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment