फुटबॉल मैच देखकर लौट रहे थे तीन मृतक युवक, ग्रामीणों ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल
लोहरदगा, झारखंड। जिले के भंडरा थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा भंडरा-लोहरदगा मुख्य पथ पर सेगरा टोली के समीप हुआ, जहां दो स्कूटियों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों स्कूटियों के परखच्चे उड़ गए और उन पर सवार युवक सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए।
ग्रामीणों ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल
घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को इलाज के लिए भंडरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया।
वहीं, गंभीर रूप से घायल तीन युवकों की स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची रेफर कर दिया।
मृतकों में गुमला और रांची जिले के युवक शामिल
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान सोनू उरांव (22), उदय उरांव (21) और मनीष लोहरा (19) के रूप में हुई है।
- सोनू उरांव, पिता सोहराई उरांव, आमलिया बांध टोली, भरनो थाना क्षेत्र, गुमला।
- उदय उरांव, पिता झरिया उरांव, पुंगी गांव, मांडर थाना क्षेत्र, रांची।
- मनीष लोहरा, पिता दुलू लोहरा।
हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
फुटबॉल मैच देखकर घर लौट रहे थे युवक
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, भरनो थाना क्षेत्र के आमलिया गांव के तीन युवक स्कूटी से लोहरदगा में फुटबॉल मैच देखने गए थे। मैच देखने के बाद वे अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सेगरा टोली के पास विपरीत दिशा से आ रही दूसरी स्कूटी से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद सड़क पर क्षतिग्रस्त स्कूटियां और घायल पड़े थे। ग्रामीणों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही भंडरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, लोहरदगा भेज दिया है। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों और दोनों स्कूटियों की गति समेत दुर्घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। हादसे के बाद संबंधित गांवों में शोक की लहर है।






















Total Users : 1124471
Total views : 2944566