पत्थलगड़ा के जनता उच्च विद्यालय में तिरंगा फहराने में आई तकनीकी दिक्कत, जांच की मांग
पत्थलगड़ा (चतरा)। चतरा जिले के पत्थलगड़ा प्रखंड मुख्यालय स्थित प्लस टू जनता उच्च विद्यालय में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित ध्वजारोहण कार्यक्रम के दौरान कथित लापरवाही का मामला सामने आया है। घटना को लेकर राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और समारोह की व्यवस्थाओं पर सवाल उठ रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विद्यालय परिसर में ध्वजारोहण के दौरान राष्ट्रीय ध्वज काफी देर तक रस्सी में लटका रहा और निर्धारित तरीके से नहीं खुल सका। इसके बाद ध्वज को नीचे उतारकर दोबारा ऊपर चढ़ाया गया। बाद में औपचारिक रूप से तिरंगा फहराया गया।
बताया गया कि कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रधानाध्यापक, अंचल अधिकारी, प्रखंड प्रमुख तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद थे। घटना के बाद अभिभावकों और स्थानीय लोगों के बीच इसकी चर्चा हो रही है।
जांच एवं कार्रवाई की मांग
स्थानीय लोगों का कहना है कि स्वतंत्रता दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने की व्यवस्था में पूरी सावधानी बरती जानी चाहिए थी। लोगों ने इसे गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच कराने की मांग की है। इस संबंध में विद्यालय प्रशासन से पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिल सका।
स्थानीय लोगों ने जिला शिक्षा पदाधिकारी से मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि भविष्य में ऐसी स्थिति की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए ध्वजारोहण से पहले व्यवस्था की समुचित जांच सुनिश्चित की जानी चाहिए।





















Total Users : 1124470
Total views : 2944564