पूर्व मुखिया को मुख्य आरोपी बनाए जाने पर परिजनों की आपत्ति, वायरल वीडियो का हवाला देकर निष्पक्ष जांच की मांग
टंडवा (चतरा)। नाबालिग के अपहरण एवं दुष्कर्म के आरोपी मो. इमरोज की मौत के मामले में टंडवा थाना में दर्ज कांड संख्या 185/2026 के तहत 56 नामजद समेत कई अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। मृतक के पिता सुल्तान मियां के आवेदन पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
प्राथमिकी के अनुसार, गांव के विजय चौबे समेत करीब 150 लोगों पर इमरोज के घर पहुंचकर घर में नाबालिग लड़की को छिपाकर रखने का आरोप लगाते हुए मारपीट करने की बात कही गई है। इसी दौरान कथित रूप से मारपीट में इमरोज घायल हो गया था। बाद में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
विजय चौबे की गिरफ्तारी की मांग को लेकर थाना परिसर में जुटी भीड़
घटना के दूसरे दिन बुधवार को टंडवा थाना परिसर के बाहर मृतक के परिजन एवं समर्थक दिनभर जुटे रहे। लोगों ने प्राथमिकी में मुख्य आरोपी बनाए गए विजय चौबे की गिरफ्तारी की मांग को लेकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि विजय चौबे की गिरफ्तारी के बाद ही शव का अंतिम संस्कार किया जाएगा।
देर शाम प्रशासन एवं प्रबुद्धजनों के साथ हुई वार्ता के बाद परिजन शव उठाने के लिए तैयार हुए। मौके पर कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश अध्यक्ष मंजूर अंसारी, रांची नगर अध्यक्ष हुसैन खान समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
मुख्य आरोपी बनाए जाने पर विजय चौबे के परिजनों ने जताई आपत्ति
पूर्व मुखिया विजय चौबे को मुख्य नामजद आरोपी बनाए जाने पर उनके परिजनों ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उनका कहना है कि घटना की जानकारी मिलने के बाद विजय चौबे मौके पर केवल बीच-बचाव करने पहुंचे थे।
परिजनों ने वायरल वीडियो का हवाला देते हुए कहा कि वीडियो में विजय चौबे कथित तौर पर मो. इमरोज को भीड़ से बचाने का प्रयास करते दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान भीड़ द्वारा उनके साथ भी धक्का-मुक्की किए जाने की बात कही गई है। परिजनों ने कहा कि उन्हें न्यायालय पर पूरा भरोसा है और मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
नोट: वायरल वीडियो में दिखाई दे रही परिस्थितियों और लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। मामले में पुलिस की जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।






















Total Users : 1111630
Total views : 2927685