बड़ा हादसा टला, घायल रामू सदर अस्पताल रेफर
मयूरहंड (चतरा)। प्रखंड के पपरो गांव में खेत की जुताई के दौरान ट्रैक्टर पलटने से चालक रामू कुमार इंजन के नीचे दब गया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया। ग्रामीणों ने मिलकर ट्रैक्टर के इंजन को उठाकर चालक को बाहर निकाला, जिसके बाद उसे इलाज के लिए हजारीबाग सदर अस्पताल भेजा गया। बताया जा रहा है कि फिलहाल उसकी हालत ठीक है।
जानकारी के अनुसार, पपरो गांव निवासी सकलदेव यादव ने हाल ही में नया ट्रैक्टर खरीदा था। बारिश होने के बाद वे अपने खेत में जुताई का काम करा रहे थे। उनका पुत्र रामू कुमार ट्रैक्टर चला रहा था। इसी दौरान खेत में ट्रैक्टर अचानक फंस गया। किसी तरह ट्रैक्टर को बाहर निकाल लिया गया, लेकिन रोटावेटर वहीं फंस गया।
रोटावेटर को निकालने के प्रयास के दौरान ट्रैक्टर के आगे का हिस्सा अचानक ऊपर उठ गया, जिससे रामू कुमार इंजन के नीचे दब गया। घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीण तत्काल वहां पहुंचे और सामूहिक प्रयास से ट्रैक्टर के इंजन को हल्का उठाकर रामू कुमार को बाहर निकाला।
इसके बाद घायल रामू कुमार को इलाज के लिए हजारीबाग सदर अस्पताल भेजा गया। परिजनों के अनुसार उनकी स्थिति फिलहाल ठीक है। ग्रामीणों की तत्परता और समय पर किए गए प्रयास के कारण एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद गांव में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।




















Total Users : 1111630
Total views : 2927685