विद्यालय में पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश, अधिक पौधे लगाने का किया आह्वान
प्रतापपुर (चतरा)। प्रतापपुर प्रक्षेत्र अंतर्गत उत्क्रमित +2 उच्च विद्यालय, कौरा में बुधवार को 77वें वन महोत्सव का आयोजन उत्साह एवं उमंग के साथ किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वन क्षेत्र पदाधिकारी रविन्द्र कुमार ने की, जबकि क्षेत्रीय विधायक जनार्दन पासवान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। विधायक ने विद्यालय परिसर में रुद्राक्ष का पौधा लगाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इसके बाद दीप प्रज्ज्वलित कर वन महोत्सव का विधिवत उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक जनार्दन पासवान ने कहा कि “प्रकृति सुरक्षित रहेगी, तभी मानव जीवन सुरक्षित रहेगा।” उन्होंने विद्यार्थियों एवं आम लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनकी नियमित देखभाल करने तथा पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने कहा कि वन केवल पेड़-पौधों का समूह नहीं, बल्कि मानव जीवन, जल, वायु और मिट्टी के संतुलन का आधार हैं। वर्तमान समय में घटते वन क्षेत्र और बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए वन महोत्सव जैसे कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि आज लगाए गए पौधे आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण की अमूल्य धरोहर बनेंगे।
इस अवसर पर ममता देवी, एसएसबी कमांडेंट प्रकाश दास, वन प्रमंडल पदाधिकारी राहुल मीणा, संलग्न पदाधिकारी श्वेताभ सुमन, पूर्व वन क्षेत्र पदाधिकारी अजीत राम, वन विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने पौधारोपण के साथ पौधों की सुरक्षा एवं संरक्षण का भी संकल्प लिया।





















Total Users : 1101453
Total views : 2913551