पुलिस की सक्रियता रंग लाई, लापता किशोर विकास कुमार सकुशल परिजनों को सौंपा गया
हंटरगंज (चतरा): चतरा जिले के हंटरगंज थाना क्षेत्र के बहेरी गांव से एक भावुक और सुखद खबर सामने आई है। करीब एक वर्ष पहले पढ़ाई को लेकर मां की डांट से नाराज होकर घर छोड़ने वाला 15 वर्षीय किशोर विकास कुमार आखिरकार सकुशल अपने परिवार के बीच लौट आया। बेटे को सामने देखकर माता-पिता की आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े और पूरे परिवार में खुशी का माहौल छा गया।
जानकारी के अनुसार, बहेरी गांव निवासी राजदेव यादव का पुत्र विकास कुमार 15 जुलाई 2025 को अचानक घर से लापता हो गया था। परिजनों ने रिश्तेदारों और संभावित स्थानों पर काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। अंततः उन्होंने हंटरगंज थाना में आवेदन देकर बेटे की बरामदगी की गुहार लगाई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस इंस्पेक्टर सह थाना प्रभारी विपिन कुमार के निर्देशन में एसआई वीर बहादुर सिंह ने तकनीकी और स्थानीय स्तर पर लगातार जांच की। पुलिस की सक्रियता और अथक प्रयासों के परिणामस्वरूप किशोर का सुरक्षित पता लगाया गया और उसे सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया गया।
करीब एक वर्ष बाद बेटे की घर वापसी से परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। माता-पिता ने हंटरगंज पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें बेटे के मिलने की उम्मीद लगभग खत्म हो चुकी थी, लेकिन पुलिस की संवेदनशीलता और मेहनत ने उनके परिवार को फिर से एक कर दिया।
इस सफलता के बाद क्षेत्र में हंटरगंज पुलिस की कार्यशैली की सराहना हो रही है। स्थानीय लोगों ने कहा कि पुलिस ने केवल एक लापता किशोर को बरामद नहीं किया, बल्कि एक बिखरे हुए परिवार की खुशियां भी वापस लौटा दीं। थाना प्रभारी विपिन कुमार और एसआई वीर बहादुर सिंह की सक्रिय भूमिका क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।






















Total Users : 1101467
Total views : 2913571