रोजगार के लिए गया था शशि मौत के कारणों की जांच और परिवार को सहायता की उठी मांग
इटखोरी (चतरा)। इटखोरी प्रखंड अंतर्गत मलकपुर पंचायत के बाकचों सरकुरवा गांव निवासी शशि कुमार सिंह (25 वर्ष) की उड़ीसा में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की सूचना रविवार को जैसे ही परिजनों को मिली, पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम का माहौल बना हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार, शशि कुमार सिंह अपने परिवार के भरण-पोषण के लिए उड़ीसा में मशीन ऑपरेटर के रूप में कार्य करते थे। रविवार को अचानक उनकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। हालांकि, उनकी मौत किन कारणों से हुई, इसका स्पष्ट खुलासा अभी तक नहीं हो सका है। परिजन और ग्रामीण घटना की वास्तविक जानकारी का इंतजार कर रहे हैं।
शशि कुमार सिंह के असमय निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने तथा पीड़ित परिवार को हरसंभव सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। फिलहाल परिजन शव के गांव पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं। शव के पहुंचने के बाद अंतिम संस्कार किया जाएगा। इस दुखद घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और संवेदना का माहौल बना हुआ है।





















Total Users : 1101453
Total views : 2913551