Home बिहार झारखंड देश-विदेश मनोरंजन खेल क्राइम शिक्षा राजनीति हेल्थ राशिफल
---Advertisement---

सेल्फी लेना पड़ा भारी, जंगली हाथियों ने युवक को कुचलकर मार डाला

---Advertisement---
WhatsApp Group Join Now

वन विभाग की चेतावनी के बावजूद हाथियों के करीब पहुंचा था युवक, तीन घंटे तक शव के पास डटा रहा झुंड

जंगली हाथियों के साथ सेल्फी लेने की कोशिश एक युवक के लिए जानलेवा साबित हुई। वन विभाग की लगातार चेतावनी के बावजूद हाथियों के करीब पहुंचने पर भड़के झुंड ने युवक को कुचलकर मार डाला। घटना के बाद घंटों तक हाथियों का झुंड शव के पास डटा रहा, जिससे शव निकालने में काफी कठिनाई हुई।

झारखंड के गिरिडीह जिले के बिरनी प्रखंड अंतर्गत जनता जरीडीह गांव में जंगली हाथियों के साथ सेल्फी लेने के दौरान 42 वर्षीय उपेंद्र यादव की दर्दनाक मौत हो गई। सोमवार शाम करीब पांच बजे हाथियों के झुंड ने युवक पर हमला कर उसे पटक-पटककर कुचल दिया। घटना के बाद लगभग तीन घंटे तक हाथियों का झुंड शव के आसपास डटा रहा, जिसके कारण रात करीब 8:30 बजे काफी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला जा सका।

घटना की सूचना मिलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और देखते ही देखते हजारों ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। स्थानीय मुखिया टिकैत राजमणि सिंह और दयानंद पांडेय ने बताया कि सोमवार सुबह से ही हाथियों का झुंड जनता जरीडीह के जंगल में मौजूद था। वन विभाग लगातार ग्रामीणों को हाथियों के पास नहीं जाने की चेतावनी देता रहा, लेकिन कई लोगों ने इसकी अनदेखी की। कुछ लोग छोटे-छोटे बच्चों को कंधे पर बैठाकर हाथियों को दिखाने और उनके साथ सेल्फी लेने के लिए जंगल की ओर पहुंच रहे थे।

बताया गया कि शाम करीब पांच बजे उपेंद्र यादव अपनी बाइक से हाथियों के काफी करीब पहुंच गया और सेल्फी लेने लगा। इसी दौरान हाथियों का झुंड अचानक आक्रामक हो गया और युवक पर हमला कर दिया। हाथियों ने उसे पटक-पटककर कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद युवक की बाइक घटनास्थल पर ही पड़ी रही, जबकि उसका शव हाथियों के घेरे में था। वन विभाग और स्थानीय लोगों के प्रयास के बावजूद हाथियों के हटने तक शव को नहीं निकाला जा सका। करीब तीन घंटे बाद हाथियों का झुंड वहां से हटने पर पुलिस और वन विभाग की टीम ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

वन विभाग ने एक बार फिर लोगों से अपील की है कि जंगली हाथियों या अन्य वन्यजीवों के करीब जाने, उन्हें उकसाने अथवा उनके साथ सेल्फी लेने का प्रयास न करें। अधिकारियों ने कहा कि ऐसी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment