“पारिवारिक कलह ने एक खुशहाल परिवार को उजाड़ दिया। तीन लोगों की मौत, एक की हालत गंभीर और एक मासूम की चमत्कारिक बची जान। इस दर्दनाक घटना ने हर किसी को सोचने पर मजबूर कर दिया।”
बिहार के नालंदा जिले के चंडी थाना क्षेत्र स्थित बिशुनपुर गांव में शनिवार को पारिवारिक विवाद ने दर्दनाक मोड़ ले लिया। एक ही परिवार के चार सदस्यों ने आत्महत्या का प्रयास किया, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है।
मृतकों की पहचान 65 वर्षीय दिलेंद्र तांती, उनके बड़े बेटे 40 वर्षीय रंजीत तांती और बहू 30 वर्षीय गौरी देवी के रूप में हुई है। वहीं छोटे बेटे 35 वर्षीय पुरुषोत्तम तांती का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
डीएसपी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में लंबे समय से चल रहे पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है। कुछ ग्रामीणों ने ससुर और बहू के बीच कथित अवैध संबंध होने की चर्चा भी की है। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस पहलू की जांच की जा रही है और अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस के अनुसार, सबसे पहले छोटे बेटे पुरुषोत्तम तांती ने फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया, लेकिन परिजनों और ग्रामीणों ने समय रहते उसे बचाकर अस्पताल पहुंचा दिया। पुरुषोत्तम ने पुलिस को बताया कि उसके अस्पताल पहुंचने के बाद बड़े भाई रंजीत तांती और उनकी पत्नी गौरी देवी ने सल्फास की गोलियां खा लीं। दोनों ने अपने चार वर्षीय बेटे प्रिंस को भी सल्फास खिलाने की कोशिश की, लेकिन बच्चे ने गोली नहीं खाई और उसकी जान बच गई। अस्पताल में इलाज के दौरान पति-पत्नी की मौत हो गई।
इधर, जब परिवार के अन्य सदस्य अस्पताल में थे, उसी दौरान घर पर मौजूद दिलेंद्र तांती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया।
चार वर्षीय प्रिंस ने पुलिस को बताया कि उसके माता-पिता उसे बाजार ले गए थे, जहां से सल्फास की गोलियां खरीदी गई थीं। घर लौटने के बाद उसे भी गोलियां खिलाने की कोशिश की गई, लेकिन उसने गोली फेंक दी, जिससे उसकी जान बच गई।
चंडी थाना प्रभारी चंदन कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।





















Total Users : 1081731
Total views : 2885722